टूटा नाली का स्लैब बना हादसे का कारण, नूरमोहल्ला जाने वाली सड़क पर बढ़ी परेशानी
जामताड़ा : नगर पंचायत क्षेत्र के सुभाष चौक रेलवे पुल के समीप से नूरमोहल्ला जाने वाली सड़क पर नाली का स्लैब टूट जाने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। नाली के ऊपर स्लैब टूटने के बाद वहां सुरंगनुमा गड्ढा बन गया है, जिससे राहगीरों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि इस रास्ते से गुजरने वाले दोपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों के लिए भी दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार, नाली का स्लैब काफी समय से क्षतिग्रस्त है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। टूटे हुए स्लैब के कारण नाली का बड़ा हिस्सा खुल गया है और सड़क पर सुरंग जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। इस कारण विशेषकर रात के समय लोगों को काफी सावधानी बरतकर आवागमन करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि थोड़ी सी असावधानी होने पर कोई भी व्यक्ति या वाहन चालक गड्ढे में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो सकता है।स्थानीय निवासी अलाउद्दीन अंसारी ने बताया कि नाली का स्लैब टूटने के कारण आए दिन दुर्घटना की स्थिति बनी रहती है। कई बार लोग चोटिल होने से बाल-बाल बचे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क की स्थिति ऐसी हो गई है कि चारपहिया वाहन को भी इस रास्ते से पार कराने में काफी परेशानी होती है। सड़क संकरी होने के कारण टूटे स्लैब के पास वाहन निकालना जोखिम भरा हो गया है।स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग से मोहल्ले के लोगों के अलावा आसपास के इलाके के लोग भी नियमित रूप से आवागमन करते हैं। स्कूल जाने वाले बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं भी इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं। नाली का स्लैब टूटे रहने के कारण कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द क्षतिग्रस्त स्लैब की मरम्मत कराने की मांग की है।इसके अलावा स्थानीय लोगों ने सड़क पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने की भी मांग की है। लोगों का कहना है कि उक्त स्थान पर लाइट की व्यवस्था नहीं होने के कारण रात में पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है। अंधेरे में टूटे हुए स्लैब और बने गड्ढे का पता नहीं चल पाने के कारण दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत से मांग की है कि स्थल का निरीक्षण कर तत्काल नाली के टूटे स्लैब को दुरुस्त कराया जाए तथा वहां स्ट्रीट लाइट लगाई जाए, ताकि लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके। लोगों का कहना है कि नगर पंचायत द्वारा समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी दिन बड़ी दुर्घटना हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।






