चमेली देवी ने नेमरा पहुंचकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से की मुलाकात, रूपी सोरेन को दी श्रद्धांजलि,
चमेली देवी ने नेमरा पहुंचकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से की मुलाकात, रूपी सोरेन को दी श्रद्धांजलि,
कहा- रूपी सोरेन का निधन झामुमो परिवार और पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति।
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। जामताड़ा के पूर्व विधायक स्वर्गीय विष्णु भैया की धर्मपत्नी एवं वरिष्ठ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नेत्री चमेली देवी ने नेमरा पहुंचकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री की माता एवं झारखंड आंदोलन के महानायक स्वर्गीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन की धर्मपत्नी रूपी सोरेन के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। साथ ही दिवंगत रूपी सोरेन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात के दौरान चमेली देवी ने कहा कि स्वर्गीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन और रूपी सोरेन का उनके दिवंगत पति विष्णु भैया के प्रति हमेशा पुत्रवत स्नेह और आत्मीयता रही। रूपी सोरेन से उन्हें मां के समान ममता, स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त हुआ था। ऐसे में उनका निधन उनके लिए भी व्यक्तिगत रूप से बेहद दुखद है।
चमेली देवी ने कहा कि रूपी सोरेन का निधन केवल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड मुक्ति मोर्चा परिवार और राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि एक वर्ष के भीतर माता-पिता दोनों का साया सिर से उठ जाना किसी भी व्यक्ति के जीवन की सबसे कठिन और पीड़ादायक परिस्थितियों में से एक है। माता-पिता जीवन की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं और मां की ममता, स्नेह एवं आशीर्वाद का कोई विकल्प नहीं है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस समय गहरे व्यक्तिगत दुख से गुजर रहे हैं। इस पीड़ा की भरपाई शब्दों से करना संभव नहीं है। दुख की इस कठिन घड़ी में पूरा झारखंड मुख्यमंत्री और उनके परिवार के साथ खड़ा है। राज्य की जनता तथा झामुमो परिवार का स्नेह, समर्थन और एकजुटता उन्हें इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करेगा।
चमेली देवी ने कहा कि रूपी सोरेन का स्नेहपूर्ण व्यक्तित्व और परिवार के प्रति उनकी आत्मीयता हमेशा स्मरणीय रहेगी। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।






