जामताड़ा में पहली बार भव्य डांडिया महोत्सव, गांधी मैदान में उमड़ा जनसैलाब,
आशा गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित उत्सव में शिल्पी राघवानी और अर्चना गोस्वामी की प्रस्तुतियों पर झूमे लोग, ‘आई लव जामताड़ा’ रील प्रतियोगिता के विजेता हुए सम्मानित।
उदय किशोर सिंह
जामताड़ा। शारदीय नवरात्र के उत्साह और मां दुर्गा की भक्ति के बीच रविवार की शाम जामताड़ा के गांधी मैदान में पहली बार भव्य डांडिया महोत्सव का आयोजन किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में शहर से लेकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों तक के लोगों की भारी भागीदारी देखने को मिली। शाम सात बजे शुरू हुए इस महोत्सव में गांधी मैदान डांडिया प्रेमियों से खचाखच भर गया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजी महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक डांडिया की धुन पर जमकर उत्सव मनाया। भक्ति गीतों, संगीत और आकर्षक प्रस्तुतियों से पूरा मैदान देर रात तक उत्सवी रंग में सराबोर रहा।
महोत्सव में बिहार से आईं शिल्पी राघवानी ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। राधा-कृष्ण और मां शेरावाली के भक्ति गीतों पर डांडिया की आकर्षक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में विशेष रंग भर दिया। वहीं, सूरत से आईं सुपरस्टार अर्चना गोस्वामी की टीम ने भी अपनी संगीतमय प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। उनके गीतों पर जामताड़ा की महिलाओं, युवतियों और अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक डांडिया किया। कार्यक्रम के दौरान दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
दीप प्रज्वलित कर हुआ महोत्सव का शुभारंभ
कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर जामताड़ा व्यवहार न्यायालय के एडीजे-1 अजय कुमार श्रीवास्तव, फैमिली कोर्ट के न्यायाधीश राकेश कुमार, डीएफओ राहुल कुमार, जामताड़ा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहनलाल बर्मन, नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता तथा समाजसेवी एवं भाजपा नेता तरुण कुमार गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
महोत्सव का उद्देश्य नवरात्र के अवसर पर लोगों को भक्ति, संस्कृति और सामूहिक उत्सव के माध्यम से जोड़ना रहा। स्थानीय लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को यादगार बना दिया।
‘आई लव जामताड़ा’ रील प्रतियोगिता में शमीम अंसारी प्रथम
डांडिया महोत्सव के संयोजक तरुण कुमार गुप्ता की ओर से जामताड़ा की पहचान और विशेषताओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘आई लव जामताड़ा’ थीम पर रील बनाने की प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से जामताड़ा के प्रति प्रेम और जुड़ाव प्रदर्शित किया।
प्रतियोगिता में नारायणपुर प्रखंड के शमीम अंसारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि पश्चिम बंगाल के चित्तरंजन निवासी ऋषभ कुमार द्वितीय और जामताड़ा के नित्यानंद रवानी तृतीय स्थान पर रहे। इसके अलावा, छह वर्षीय बच्ची कियारा सिंह को भी ‘आई लव जामताड़ा’ थीम पर रील बनाने के लिए प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सभी विजेताओं को कार्यक्रम में मौजूद मुख्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता ने महोत्सव में एक अलग आकर्षण जोड़ने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी रचनात्मकता दिखाने का अवसर प्रदान किया।
देर रात तक चला उत्सव, आयोजकों ने जताया आभार
कार्यक्रम का मंच संचालन निकेश कुमार लाल ने किया। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई। पुलिस की मौजूदगी में पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और देर रात महोत्सव का समापन किया गया।
समापन के अवसर पर संयोजक तरुण कुमार गुप्ता और नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने आयोजन को सफल बनाने के लिए जामताड़ा नगर सहित पूरे जिले के लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
तरुण कुमार गुप्ता ने कहा कि गांधी मैदान में इतनी बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की उन्हें उम्मीद नहीं थी। जामताड़ा वासियों का उत्साह, सहयोग और भागीदारी देखकर वे अभिभूत हैं। उन्होंने कहा कि लोगों के इसी स्नेह और सहयोग से ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों को आगे भी प्रोत्साहन मिलेगा।
उन्होंने नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए मां दुर्गा से प्रार्थना की कि माता रानी की कृपा जिले के सभी लोगों पर बनी रहे तथा जामताड़ा में सुख, शांति, समृद्धि और आपसी सद्भाव कायम रहे।






