BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

करमाटांड़ की घटना में दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई, नहीं तो आंदोलन : विहिप


मंदिर में तोड़फोड़ व उपद्रव का आरोप, विहिप ने एसपी को सौंपा ज्ञापन।
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। करमाटांड़ थाना क्षेत्र में 22 अगस्त की शाम धार्मिक स्थल के समीप कथित तोड़फोड़ और उपद्रव की घटना को लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। विहिप जिला अध्यक्ष अनूप राय और जिला मंत्री संजय परशुरामका ने एसपी को आवेदन देकर पीड़ित हिंदू परिवारों को सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि 22 अगस्त की शाम करीब छह बजे एक गांव में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए और हनुमान मंदिर में प्रवेश करने का प्रयास किया। इस दौरान मंदिर की घंटी व मोटर पंप उखाड़ने तथा कुएं की दीवार क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किए जाने का आरोप है। ग्रामीणों के विरोध करने पर धार्मिक नारे लगाने, महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार और पथराव करने की बात भी आवेदन में कही गई है। विहिप ने दावा किया कि पथराव में कुछ लोग घायल हुए। एक महिला का पर्स छीनने का भी आरोप लगाया गया है, जिसमें आधार कार्ड और करीब 9,500 रुपये होने की बात कही गई है।
विहिप के अनुसार, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में भी कुछ लोगों ने कथित तौर पर गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट की तथा पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।
विहिप जिला अध्यक्ष अनूप राय ने कहा कि घटना के बाद ग्रामीणों में भय और तनाव का माहौल है। पुलिस निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे और पीड़ित परिवारों को सुरक्षा प्रदान करे। जिला मंत्री संजय परशुरामका ने मांग की कि कांड संख्या 63/2026 के पर्यवेक्षण के दौरान भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 एवं 299 के प्रावधानों को भी शामिल किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि मामले में लापरवाही बरती गई तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
विहिप नेताओं के अनुसार, घटना को लेकर करमाटांड़ थाना में कांड संख्या 63/2026 दर्ज है। ज्ञापन सौंपने के दौरान राकेश पाल, भाजपा नेता बालमुकुंद रविदास, प्रवीण आनंद उर्फ डब्लू समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।