छोटू सिंह हत्याकांड के विरोध में हुए सड़क जाम मामले में हुसैनाबाद थाने में 18 नामजद समेत 100 पर प्राथमिकी दर्ज़
हुसैनाबाद: कृष्णा यादव
हुसैनाबाद,पलामू: जपला दंगवार मुख्य सड़क के पुरंदर बिगहा में विगत 2 सितंबर को हुए छोटू सिंह उर्फ ओमप्रकाश सिंह हत्याकांड के बाद हुसैनाबाद-जपला क्षेत्र में हुए सड़क जाम और हंगामे ने अब कानूनी मोड़ ले लिया है। सिद्धनाथ गेट मुख्य मार्ग के समीप टायर जलाकर सड़क अवरुद्ध करने, पुलिस-प्रशासन के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने 18 नामजद सहित 80 से 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। हुसैनाबाद के प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी पंकज कुमार के लिखित बयान पर दर्ज प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 190, 191(2), 191(3), 57, 132, 221, 351 और 352 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्राथमिकी के अनुसार 02 सितंबर की रात्रि 8:30 बजे पुरंदर बिगहा में छोटू सिंह उर्फ ओमप्रकाश सिंह को गोली मारे जाने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घायल अवस्था में उसे अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों के आग्रह पर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर भेजा गया।बताया गया है कि शव को मेदिनीनगर ले जाने के दौरान ही 03 सितंबर की रात करीब एक बजे जपला के सिद्धनाथ गेट मुख्य मार्ग के समीप पेट्रोल पंप के पास लोगों ने टायर जलाकर सड़क जाम कर दी। देखते ही देखते मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
पुलिस-प्रशासन द्वारा समझाने-बुझाने के बावजूद भीड़ सड़क से हटने को तैयार नहीं हुई। प्राथमिकी में पुलिस के साथ नारेबाजी, गाली-गलौज और सरकारी कार्य में बाधा डालने का भी आरोप लगाया गया है। सड़क पर बांस-बल्ला लगाकर आवागमन बाधित किया गया था।करीब 18 घंटे की मशक्कत के बाद शाम लगभग सात बजे जाम हटाया जा सका। पुलिस बल की मौजूदगी में सड़क पर लगाए गए अवरोध हटाए गए और आवागमन सामान्य कराया गया।
प्राथमिकी में विभूति नारायण सिंह(हेमजा), सन्नी सिंह(चेचरिया), शुभम सिंह(नबीनगर), विकास सिंह, पंकज सिंह, नीरज सिंह, डीएसपी सिंह, अमन सिंह(मुनि सिंह चौक), प्रियांशु सिंह, प्रभात सिंह, अमन सिंह(पुरंदर बिगहा), सिद्धार्थ सिंह उर्फ विवेक सिंह, अभिषेक सिंह उर्फ गोलू, निशित सिंह, अभिमन्यु सिंह, राजू सिंह, दिलीप सिंह और हिमांशु सिंह(गोराडीह)को नामजद किया गया है। इसके अलावा 80 से 100 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।पुलिस के अनुसार नामजद आरोपियों के पते हुसैनाबाद, मोहम्मदगंज एवं हैदरनगर थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों और मोहल्लों से जुड़े हैं।
मामले में बीएनएस की आठ धाराएं लगाई गई हैं। इनमें विधि-विरुद्ध जमावड़ा, दंगा, लोक सेवक को कर्तव्य से रोकना, सरकारी कार्य में बाधा, आपराधिक धमकी तथा जानबूझकर अपमान करने जैसे आरोपों से संबंधित प्रावधान शामिल हैं। पुलिस अब प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है तथा अज्ञात आरोपियों की पहचान के लिए उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है।छोटू सिंह की हत्या से उपजा आक्रोश अब सड़क जाम और हिंसक प्रदर्शन के मुकदमे तक पहुंच चुका है। हत्या की जांच के साथ-साथ सड़क जाम कांड की पुलिस कार्रवाई पर भी इलाके की नजर टिकी है।





