उपायुक्त ने नशा मुक्ति अभियान जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गोड्डा : समाहरणालय परिसर से जिला समाज कल्याण विभाग की ओर से उपायुक्त लोकेश मिश्रा द्वारा "नशा मुक्ति अभियान" के तहत जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नशे की आदत से न केवल व्यक्ति का स्वास्थ्य एवं भविष्य प्रभावित होता है, बल्कि इसका प्रतिकूल प्रभाव परिवार एवं पूरे समाज पर भी पड़ता है। विशेष रूप से युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर उन्हें स्वस्थ, सकारात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि जागरूकता एवं जनभागीदारी के माध्यम से नशे के विरुद्ध प्रभावी वातावरण तैयार किया जा सकता है। इसी उद्देश्य से जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में भ्रमण कर आमजनों को नशे से दूर रहने, नशे के दुष्परिणामों को समझने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित करेगा।
जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित यह जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों में भ्रमण करेगा। इस दौरान ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लोगों के बीच नशा मुक्ति से संबंधित जागरूकता संदेश प्रसारित किए जाएंगे। रथ के माध्यम से विशेष रूप से युवाओं, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी जाएगी।
जागरूकता रथ के माध्यम से लोगों को नशे की आदत से बचने, नशे का सेवन करने वाले व्यक्तियों को इससे बाहर निकलने में सहयोग करने तथा आवश्यकता पड़ने पर उचित परामर्श एवं सहायता प्राप्त करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
अभियान का उद्देश्य नशा मुक्ति के संदेश को जिले के अधिक से अधिक गांवों एवं पंचायतों तक पहुंचाते हुए जन-जागरूकता एवं जनभागीदारी को मजबूत करना है। जागरूकता रथ को रवाना करने से पूर्व समाहरणालय परिसर में नशामुक्ति से संबंधित विभिन्न पोस्टरों एवं नारों के माध्यम से उपस्थित पदाधिकारियों, कर्मियों एवं आमजनों को भी जागरूक किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। जिला प्रशासन द्वारा आमजनों से अपील की गई कि नशे से स्वयं दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। सामूहिक प्रयास एवं जनभागीदारी से ही स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है। मौके पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अलका हेंब्रम, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी रीता बेसरा, महिला पर्यवेक्षिका, आंगनबाड़ी सेविका सहित सभी कर्मीगण मौजूद थे।


.jpg)



