50 किलो अखाद्य रंग वाली मिठाई नष्ट, तंबाकू बिक्री पर दुकानदारों पर जुर्माना
पलामू :हरिहरगंज प्रतिनिधि। आम लोगों को सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने और खाद्य सुरक्षा व तंबाकू नियंत्रण कानून के पालन को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग, पलामू ने गुरुवार को हरिहरगंज बाजार में जांच अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, पलामू-1 लव कुमार गुप्ता के नेतृत्व में बस स्टैंड के समीप मुख्य बाजार की मिठाई व खाद्य दुकानों का निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान बसंत बहार स्वीट्स, बिट्टू मिष्ठान भंडार, भैया लाल मिष्ठान भंडार, शालीमार स्वीट्स समेत अन्य प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, रख-रखाव और भंडारण व्यवस्था की जांच की गई। इस दौरान करीब 50 किलो अखाद्य रंग युक्त मिठाई मिली। टीम ने उसे मौके पर ही नियमानुसार नष्ट करा दिया। दुकानदारों को केवल अनुमन्य खाद्य रंग का निर्धारित मात्रा में इस्तेमाल करने और स्वच्छता मानकों का पालन करने का निर्देश दिया गया।वहीं विद्यालयों के आसपास की दुकानों की तंबाकू नियंत्रण अधिनियम के तहत जांच की गई। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित दुकानदारों पर जुर्माना लगाया गया। दुकानदारों को स्कूलों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि जनस्वास्थ्य और विद्यार्थियों को तंबाकू के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए इस तरह के जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ललिता कुमारी, संजीव कुमार उपाध्याय, अभय शंकर सहित कार्यालय कर्मी राजू कुमार शामिल थे।






