BREAKING NEWS

logo

एस आई आर कार्यक्रम को लेकर उपायुक्त ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक


पलामू : जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (Special Intensive Revision-SIR) 2026 के सफल क्रियान्वयन को लेकर विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा, समय-सीमा, बीएलओ एवं बीएलए-2 की भूमिका तथा जनसहभागिता से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में उपायुक्त ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा झारखंड राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 संचालित किया जा रहा है। इसके तहत 30 जून 2026 से 29 जुलाई 2026 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराया जाएगा तथा भरे हुए प्रपत्रों को प्राप्त कर ECINET में प्रविष्टि की जाएगी। 05 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा तथा दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने की प्रक्रिया 04 सितंबर 2026 तक चलेगी। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 07 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।

उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं पारदर्शी बनाने में राजनीतिक दलों और उनके द्वारा नामित बीएलए-2 की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपने-अपने मतदान केंद्रों पर बीएलए-2 की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने तथा निर्वाचन कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बीएलए-2, बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को अधिक प्रभावी एवं विश्वसनीय बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

बैठक में बताया गया कि एन्यूमरेशन चरण के दौरान बीएलओ एवं बीएलए-2 के बीच नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी। घर-घर भ्रमण के दौरान बीएलए-2 भी बीएलओ के साथ शामिल हो सकेंगे तथा मतदाताओं से संवाद की प्रक्रिया में सहयोग करेंगे। विशेष रूप से अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत अथवा डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान एवं सत्यापन में बीएलए-2 की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

डीसी ने स्पष्ट किया कि एन्यूमरेशन चरण के दौरान मतदाताओं से किसी प्रकार का दस्तावेज एकत्र नहीं किया जाएगा। यदि कोई पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में पंजीकृत नहीं है, तो निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकेगा। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाना है।

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता जागरूकता अभियान में भी सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया गया। उपायुक्त ने कहा कि 30 जून 2026 से प्रारंभ होने वाले एन्यूमरेशन चरण के दौरान अधिक से अधिक लोगों तक सही जानकारी पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया एवं जनजागरूकता गतिविधियों का प्रभावी उपयोग किया जाए। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित जागरूकता अभियान एवं #JharkhandSIR अभियान में सहयोग करने की अपील की।

उपायुक्त श्री शेखावत ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए प्रशासन, राजनीतिक दलों एवं आम नागरिकों की सहभागिता समान रूप से महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी,समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।