मेदिनीनगर सदर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक, दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण मनाने का लिया गया संकल्प
पलामू :आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने को लेकर रविवार को सदर थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में सदर एसडीपीओ संजय पांडेय उपस्थित रहे।
बैठक में सदर थाना क्षेत्र की विभिन्न पूजा कमेटियों के अध्यक्ष, सचिव, मुखिया, प्रमुख, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य और दोनों समुदायों के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।
समस्याओं के समाधान की उठी मांग
बैठक के दौरान विभिन्न पूजा कमेटियों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन के सामने अपने क्षेत्र की समस्याएं रखीं। उन्होंने गांवों और मोहल्लों के रास्तों के गड्ढों की मरम्मत कराने, सुचारू बिजली आपूर्ति बहाल करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस व अग्निशमन वाहन की व्यवस्था करने की मांग की। अधिकारियों ने सभी छोटी-मोटी समस्याओं का समय से पूर्व समाधान करने का आश्वासन दिया।
सरकारी गाइडलाइन का पालन करने की अपील
बैठक को संबोधित करते हुए सदर एसडीपीओ संजय पांडेय ने कहा कि सभी लोग पर्व को सरकारी गाइडलाइन के दायरे में रहकर आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ उमड़ती है, इसलिए सुरक्षा के दृष्टिकोण से लोग खुद भी सतर्कता बरतें और अपने बच्चों पर विशेष नजर रखें ताकि कोई अनहोनी न हो।
सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी ने आश्वस्त किया कि दुर्गा पूजा के दौरान सदर थाना क्षेत्र के सभी गांवों, टोलों और मोहल्लों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। इसके अलावा पुलिस गश्ती दल को पूरी तरह सक्रिय और भ्रमणशील रखा जाएगा।
उन्होंने पूजा कमेटियों से विशेष अपील करते हुए कहा
सभी पूजा पंडालों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं।
श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए महिला और पुरुष के प्रवेश व निकास के लिए अलग-अलग व्यवस्था की जाए।
बैठक में सर्किल इंस्पेक्टर सुरेश राम, एएसआई पंकज तिवारी, नबी अंसारी, समाल अहमद, एसके राम, संजय दूबे, पूर्व जिला परिषद अर्जुन सिंह, चियांकी मुखिया बिनको उरांव, बीस सूत्री के प्रतिनिधि प्रेम प्रकाश ठाकुर, हृदय सिंह, हाजी अनवर अहमद सुलेमान अंसारी, मुकेश तिवारी, अजय तिवारी आबिद अंसारी, सुरेंद्र तिवारी, राजमणि देवी, मुकेश प्रजापति, इंद्रदेव राम और कौड़िया के पंसस अजीत सिंह सहित दोनों समुदायों के दर्जनों लोग उपस्थित थे।






