BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

लोक विचार मंच की प्रमंडलीय बैठक में राजकुमार सिंह बने पलामू प्रमंडलीय अध्यक्ष


सात सूत्री उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक एकजुटता मजबूत करने का लिया संकल्प
मेदिनीनगर। लोक विचार मंच की पलामू प्रमंडल स्तरीय बैठक मेदिनीनगर में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के सात सूत्री उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने, समाज को जागरूक एवं एकजुट करने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में लोक विचार मंच के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. बसंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश संयोजक श्याम नारायण सिंह ने किया, जबकि अध्यक्षता लोक विचार मंच के पलामू जिलाध्यक्ष ने की।
बैठक में संगठन के सात सूत्री उद्देश्यों—राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता, संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता, सामाजिक सद्भाव एवं समरसता, महिला सशक्तिकरण, युवा शक्ति एवं राष्ट्र निर्माण, वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान तथा आर्थिक समानता एवं भ्रष्टाचार के विरुद्ध जनजागरूकता—पर विस्तार से चर्चा हुई। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि इन उद्देश्यों को लेकर समाज के विभिन्न वर्गों के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए सेमिनार, विचार-विमर्श, वाद-विवाद, जनसंवाद, धरना-प्रदर्शन सहित लोकतांत्रिक माध्यमों से गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुई। कार्यक्रम के स्वागताध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता जैश रंजन पाठक उर्फ बिट्टू पाठक ने सभी अतिथियों का फूल-माला, पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।
बैठक के दौरान पलामू प्रमंडल के तीनों जिलों पलामू, गढ़वा और लातेहार में संगठन को मजबूत करने तथा संगठनात्मक गतिविधियों के विस्तार पर चर्चा की गई। इसी क्रम में राजकुमार सिंह को लोक विचार मंच का पलामू प्रमंडलीय अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा की गई। उन्हें तीनों जिलों में संगठन के कार्यों के समन्वय एवं विस्तार की जिम्मेदारी सौंपी गई।
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश संयोजक श्याम नारायण सिंह ने कहा कि लोक विचार मंच संविधान में दिए गए मार्गदर्शन एवं संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप समाज निर्माण की दिशा में कार्य करना चाहता है। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता, सांप्रदायिक सौहार्द, पंथनिरपेक्ष मूल्यों की मजबूती, आर्थिक असमानता को कम करना, युवाओं की शक्ति का सकारात्मक उपयोग और महिला सशक्तिकरण संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान एवं समाज में गरिमापूर्ण स्थान दिलाने पर भी उन्होंने जोर दिया।
श्याम नारायण सिंह ने कहा कि लोक विचार मंच की शुरुआत पलामू से हुई थी और अब संगठन को पूरे झारखंड में विस्तार देने की प्रक्रिया शुरू की गई है। प्रमंडलीय इकाई का गठन इसी विस्तार की महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने राजकुमार सिंह के नेतृत्व में पलामू प्रमंडल में संगठन को मजबूत करने और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने की उम्मीद जताई।
लोक विचार मंच के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. बसंत सोरेन ने कहा कि फिलहाल जिला स्तर पर संगठन को मजबूत करने का कार्य किया जा रहा है। संगठन के राज्य स्तरीय विस्तार के लिए फरवरी-मार्च में रांची में बड़े राज्य स्तरीय सम्मेलन के आयोजन की योजना है। उन्होंने कहा कि आने वाले चार से छह महीनों में संगठनात्मक गतिविधियों को और गति दी जाएगी।
डॉ. सोरेन ने कहा कि लोक विचार मंच के माध्यम से “एक आवाज, एक विचार” के साथ जनहित से जुड़े मुद्दों को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा। बच्चों की शिक्षा, युवाओं के रोजगार, बुजुर्गों के मान-सम्मान, युवा, कला एवं खेल तथा समाज के पिछड़े और वंचित वर्गों को आगे लाने जैसे विषयों पर संगठन सक्रिय रूप से कार्य करेगा।
कार्यक्रम के स्वागताध्यक्ष जैश रंजन पाठक उर्फ बिट्टू पाठक ने कहा कि सामाजिक कार्यों एवं जनहित से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि पलामू में जब भी कोई सामाजिक संस्था लोगों के हित में कार्य करेगी, वे उसके साथ खड़े रहने का प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम को गढ़वा जिलाध्यक्ष दीपमाला कुमारी, लातेहार जिलाध्यक्ष धनंजय सिंह, समाजसेवी अलख निरंजन चौबे, मुकेश सिंह चंदेल, अमित चौहान, बिनोद पाठक, शिवकुमार सिंह, भृगुनाथ सिंह, संजय सिंह एवं शमीम अहमद राइन सहित अन्य लोगों ने भी संबोधित किया।