BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

तीन दिवसीय खेल कार्यक्रम संपन्न, विद्यार्थियों ने दिखाया दमखम


दौड़ से लेकर फुटबॉल, कबड्डी और क्रिकेट तक प्रतियोगिताएं, मेजर ध्यानचंद को दी गई श्रद्धांजलि

पलामू :पीपरा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत परियोजना धनमानी +2 उच्च विद्यालय पीपरा बरदाग में आयोजित तीन दिवसीय खेल कार्यक्रम का उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेलकूद एवं शारीरिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल के प्रति रुचि विकसित करने के साथ शारीरिक स्वास्थ्य, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को बढ़ावा देना था।
तीन दिवसीय कार्यक्रम में ऊर्जावान 29 चैलेंज, पास एंड बॉल तथा स्पोर्ट्स बंधन जैसी गतिविधियों के साथ दौड़, फुटबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, रस्साकशी और क्रिकेट सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने योग, आसन एवं पारंपरिक खेलों में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान 29 अगस्त को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान उनके जीवन, खेल उपलब्धियों तथा खेल और जीवन में अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों को खेल भावना के साथ निरंतर अभ्यास और अनुशासन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य रवि कुमार यादव ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेल से शरीर स्वस्थ रहने के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, सहयोग और संघर्ष करने की भावना विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की। कार्यक्रम के सफल संचालन में शिक्षक कुंदन कुमार, सत्येन्द्र कुमार शर्मा, ब्रह्मदेव यादव, अजय कुमार, मिनी कुमारी, अजीत कुमार, ललन राम, भवेश कुमार पाठक तथा वोकेशनल शिक्षक अमित कुमार, साबिर अंसारी, राजन कुमार, जितेंद्र कुमार और अनिल राम सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पूरे कार्यक्रम के दौरान शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। विद्यार्थियों के उत्साह और उमंग से विद्यालय परिसर तीन दिनों तक खेलमय बना रहा। कार्यक्रम का समापन खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ जीवन के संदेश के साथ हुआ।