BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

पिकनिक मनाने आए थे तीन युवक,डेमा गांव समीप बटाने नदी में डूबे युवक का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी


पिकनिक मनाने आए थे तीन युवक, बड़े भाई ने दोस्तों पर साजिश के तहत हत्या का लगाया आरोप

पलामू :हरिहरगंज थाना क्षेत्र के डेमा पउरा गांव के समीप बेलघटी स्थित बटाने नदी में नहाने के दौरान डूबे एक युवक का शव रविवार की सुबह 8 बजे बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान बिहार के बोधगया जिला अंतर्गत खरौना गांव निवासी सुरेंद्र गुप्ता के करीब 23 वर्षीय पुत्र रितिक कुमार के रूप में हुई है। वहीं नदी में डूबे दूसरे युवक राजू चंद्रवंशी की तलाश जारी है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर अग्रेतर कार्रवाई में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार रितिक कुमार औरंगाबाद में रहकर व्यापार करता था। वह चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। उसके परिवार में दो बहन और एक भाई हैं। युवक का शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
मालूम हो कि शनिवार को औरंगाबाद जिले से युवकों की एक टोली पिकनिक मनाने के लिए हरिहरगंज बेलघटी के समीप बटाने नदी पहुंची थी। इस दौरान नदी में नहाने के क्रम में तीन युवक गहरे पानी में डूब गए थे। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से एक युवक को नदी से बाहर निकाल लिया गया था। उसे तत्काल इलाज के लिए हरिहरगंज सीएचसी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया था। वहीं नदी में डूबे रितिक कुमार और राजू चंद्रवंशी की तलाश की जा रही थी। रविवार सुबह रितिक का शव बरामद कर लिया गया, जबकि राजू का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। उसकी तलाश जारी है। इधर, लापता युवक राजू चंद्रवंशी के बड़े भाई उत्तम कुमार ने घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि राजू ने गुप्ता जाति की युवती से प्रेम विवाह किया था और उसके एक पुत्र व एक पुत्री हैं। उत्तम कुमार ने आरोप लगाया कि दोस्तों ने साजिश के तहत उसके भाई की हत्या की है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस मामले की जांच के साथ-साथ नदी में लापता दूसरे युवक की तलाश में जुटी है। थाना के एसआई इनामुल खान ने बताया कि रितिक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।