भरत भूषण तिवारी को श्रद्धांजलि, न्यायिक जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की उठी मांग
पलामू : सोमवार की शाम बी मोड़ स्थित शहीद पार्क में बिहार पुलिस कार्रवाई में मारे गए भरत भूषण तिवारी की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर दिवंगत को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा घटना की निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता प्रभात दुबे ने कहा कि भरत भूषण तिवारी समाज के दलित, शोषित और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए लंबे समय से संघर्ष कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और प्रशासन द्वारा उनकी बातों पर ध्यान नहीं दिए जाने के कारण उन्होंने विरोध का रास्ता अपनाया। उन्होंने कहा कि पुलिस कार्रवाई में हुई उनकी मौत बेहद दुखद है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
कांग्रेस के वरीय उपाध्यक्ष संतोष चौबे ने मामले की न्यायिक जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को सरकारी नौकरी और एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए, ताकि परिवार के समक्ष आजीविका का संकट उत्पन्न न हो।
श्रद्धांजलि सभा में बिश्रामपुर प्रखंड अध्यक्ष गुड्डू शुक्ला, सत्यनारायण तिवारी, ऊंटारी प्रखंड अध्यक्ष रिंकु सिंह, तौकीर आलम, बेलाल अंसारी, डब्लू चौबे, बब्लू शुक्ला, आलोक चौबे, राममनोहर चौबे, हौशला चौबे, अनिल चौबे, मनु तिवारी, चतुरी राम, मंतु ठाकुर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
सभा के दौरान उपस्थित लोगों ने भरत भूषण तिवारी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए घटना की निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग दोहराई।





