BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

करम की मस्ती में रंगा अधिवक्ता संघ का परिसर, लोकगीतों पर झूमे अधिवक्ता


प्रकृति, परंपरा और भाई-बहन के प्रेम का पर्व करम महोत्सव धूमधाम से मना

विधायक ममता देवी ने दी शुभकामनाएं, लोकगायिका हिमाली कुमारी ने बांधा समां

रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

रामगढ़। प्रकृति की हरियाली, भाई-बहन के अटूट प्रेम और सुख-समृद्धि की कामना का पर्व करम सोमवार को जिला अधिवक्ता संघ रामगढ़ के परिसर में पूरे उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। करम महोत्सव में अधिवक्ताओं ने न सिर्फ पर्व की परंपराओं को जीवंत किया, बल्कि झारखंडी लोक संस्कृति के रंग में भी जमकर रंगे नजर आए।

करम पर्व झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और प्रकृति से जुड़ाव का प्रतीक है : ममता देवी

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रामगढ़ विधायक ममता देवी शामिल हुईं। उन्होंने जिला अधिवक्ता संघ के सभी सदस्यों एवं जिलेवासियों को करम पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि करम पर्व झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और प्रकृति से जुड़ाव का प्रतीक है। बहनें अपने भाइयों की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं, वहीं अच्छी कृषि और खुशहाली के लिए भी प्रार्थना की जाती है।

पर्व हमें अपनी जड़ों और समृद्ध लोक परंपराओं से जोड़ता है : आनंद अग्रवाल 

संघ के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने कहा कि करम पर्व हमें अपनी जड़ों और समृद्ध लोक परंपराओं से जोड़ता है। करम पूजा के माध्यम से हम प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ परिवार की सुख-समृद्धि, भाई-बहन के प्रेम और समाज में आपसी सौहार्द की कामना करते हैं। जिला अधिवक्ता संघ की ओर से हर वर्ष करम महोत्सव का आयोजन इसी उद्देश्य से किया जाता है कि हमारी लोक संस्कृति और परंपराएं आने वाली पीढ़ियों तक जीवंत रहें।

लोक गायिका हिमाली कुमारी की झारखंडी लोकगीतों की प्रस्तुति
 
महोत्सव का मुख्य आकर्षण राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लोक गायिका हिमाली कुमारी की झारखंडी लोकगीतों की प्रस्तुति रही। उनके सुरों ने करम पर्व के उल्लास को और बढ़ा दिया। पारंपरिक लोकगीतों की धुन पर मौजूद लोग देर तक झूमते रहे और पूरा परिसर उत्सव के रंग में डूबा नजर आया। कार्यक्रम के अंत में संघ के महासचिव सीताराम महतो ने अतिथियों एवं सभी अधिवक्ताओं का आभार जताया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।

ये थे उपस्थित 

मौके पर संघ के उपाध्यक्ष ऋषि महतो, कोषाध्यक्ष हरनाथ महतो, संयुक्त सचिव शंभूनाथ प्रसाद, विकेश रंजन, शंभूनाथ तिवारी, शकुंतला देवी, सीमा चौधरी, मीना देवी, योगेश पांडेय, द्वारिका महतो, राजेंद्र महतो, सुबोध पांडेय, जगत महतो, राजकुमार गुप्ता, सुरेश प्रसाद, मोहम्मद सलीम, झलक देव महतो, सचिन महतो, रामदास प्रसाद सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित थे।