गोला पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब के मामले में फरार दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गोला। गोला थाना क्षेत्र में अवैध अंग्रेजी शराब के कारोबार के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सोमवार को रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम ने ऊपर खखरा के टोला पत्थलगढ़ा में छापामारी कर कांड के प्राथमिक अभियुक्त बाजुन मांझी उर्फ बाजुन हांसदा और जीवन मांझी को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई गोला थाना कांड संख्या 51/2026, दिनांक 10 मई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(2)(बी), 111(3), 111(4), 340(2), 342(2), 274, 275, 292 एवं 47(ए) उत्पाद अधिनियम के तहत की गई है।
भारी मात्रा में शराब बनाने की सामग्री हुई थी बरामद
पुलिस के अनुसार, विगत 10 मई को दोनों आरोपियों के घर से भारी मात्रा में बनाई गई अवैध अंग्रेजी शराब, विभिन्न ब्रांड के स्टीकर, खाली शराब की बोतल, ढक्कन, शराब बनाने वाली मशीन एवं शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई थी। मामले में आरोपी मनोज मुर्मू और भदरू सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। इस मामले के मुख्य शराब कारोबारी बोकारो जिले के जरीडीह थाना अंतर्गत तुपकाडीह के ग्राम ततरी निवासी बिनोद साव को 12 सितंबर को गिरफ्तार किया गया है।
छापामारी दल में ये अधिकारी थे शामिल
छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक रंजन, गोला अंचल के पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार, गोला थाना प्रभारी अभिषेक कुमार, अवर निरीक्षक अमित कुमार, स्वामी रंजन ओझा, अनुसंधानकर्ता कुमार प्रभात रंजन, सहायक अवर निरीक्षक संजय कुमार गोराई एवं बहादुर महतो सहित सशस्त्र बल शामिल थे।






