रामगढ़, 18 फरवरी (हि.स.)। झारखंड में 23 फरवरी को प्रस्तावित नगरपालिका चुनाव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अवैध शराब के निर्माण व बिक्री पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में उपायुक्त फ़ैज़ अक अहमद मुमताज के निर्देश पर बुधवार को उत्पाद विभाग ने व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व अधिकारी अरविन्द कुजूर ने किया। टीम ने थाना क्षेत्र के कोठार, कैथा, पारडीह, कुसुमटोला सहित अन्य इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया और अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त कई भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। छापेमारी के दौरान लगभग 400 किलोग्राम जावा महुआ तथा 35 लीटर तैयार महुआ शराब बरामद की गई। जब्त सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया ताकि दोबारा उत्पादन की संभावना समाप्त हो सके। कार्रवाई के दौरान तीन व्यक्तियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह अभियान अवर निरीक्षक कांग्रेश कुमार के नेतृत्व में अधीनस्थ उत्पाद बल और गृहरक्षक जवानों के सहयोग से संचालित हुआ। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि कहीं भी अवैध शराब निर्माण या बिक्री की सूचना मिलने पर तुरंत प्रशासन को अवगत कराएं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनी रहे।






