BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

जिंदगी बचाने की पहल: घायल युवक की सर्जरी के लिए संतोष ने किया रक्तदान


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

रामगढ़। सड़क दुर्घटना में घायल युवक के इलाज के लिए समाजसेवी संतोष जायसवाल ने एक यूनिट रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। 10 अक्टूबर को भारत विकास परिषद के पूर्व अध्यक्ष अमित साहू की पहल और ज्ञान महिला समिति के संस्थापक विनोद जायसवाल के प्रयास से यह सहायता उपलब्ध कराई गई।

सर्जरी के लिए जरूरी था रक्त

बताया जाता हैं कि कुंदरू कला निवासी कुलेश्वर साव के पुत्र जितेंद्र गुप्ता रामगढ़ कोर्ट के सामने सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। हादसे में उनका बायां पैर टूट गया और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं। इसके बाद उन्हें रामगढ़ के कैथा स्थित प्राइम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने पैर की सर्जरी के लिए एक यूनिट रक्त की आवश्यकता बताई।

मदद की गुहार पर आगे आए समाजसेवी

घायल युवक की मां ने एक यूनिट रक्त की व्यवस्था करने के लिए समाजसेवी अमित साहू से मदद मांगी। इसके बाद अमित साहू ने ज्ञान महिला समिति के संस्थापक विनोद जायसवाल से संपर्क किया। विनोद जायसवाल के प्रयास से युवा समाजसेवी संतोष जायसवाल रक्तदान के लिए आगे आए और घायल जितेंद्र गुप्ता के बेहतर इलाज के लिए एक यूनिट रक्तदान किया।

परिजनों ने जताया आभार

रक्त की व्यवस्था होने पर घायल युवक के परिजनों ने अमित साहू, विनोद जायसवाल और संतोष जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं, अमित साहू ने जितेंद्र गुप्ता के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस पहल ने जरूरत के समय रक्तदान के महत्व और सामाजिक सहयोग की भावना को रेखांकित किया।