मां रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने नेमरा पहुंचे दिग्गज जनप्रतिनिधि, हेमंत सोरेन से मिलकर जताया शोक
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रामगढ़। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता स्व रूपी सोरेन के निधन पर शोक संवेदनाओं का सिलसिला जारी है। सोमवार को झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, राज्यसभा सांसद डॉ सरफराज अहमद समेत कई जनप्रतिनिधियों ने नेमरा स्थित मुख्यमंत्री के पैतृक आवास पहुंचकर उनसे मुलाकात की। सभी ने दिवंगत रूपी सोरेन को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
दिवंगत आत्मा की शांति के लिए की प्रार्थना
इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने रूपी सोरेन के निधन पर गहरा दुःख जताया। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित पूरे परिवार को इस कठिन घड़ी में दुःख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
विधानसभा अध्यक्ष से पूर्व विधायकों तक ने दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वालों में झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, राज्यसभा सांसद डॉ सरफराज अहमद, विधायक सी.पी. सिंह, विधायक चंद्र देव महतो, बिहार के बोधगया विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुमार सर्वजीत, पूर्व विधायक डॉ जीतू चरण राम तथा पूर्व विधायक सौरभ नारायण सिंह शामिल रहे। सभी ने नेमरा पहुंचकर दिवंगत रूपी सोरेन के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की और शोक संतप्त परिवार के प्रति एकजुटता जताई।






