BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

राष्ट्रीय राजमार्ग-43 की जर्जर स्थिति को लेकर अभाविप ने बीडीओ को सौंपा ज्ञापन, जल्द मरम्मत की मांग


संवाददाता विकास कुमार

बेड़ो: राष्ट्रीय राजमार्ग-43 बेड़ो मुख्य मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद बेड़ो इकाई ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और जल्द मरम्मत की मांग की। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने राष्ट्रीय राजमार्ग-43 मुख्य मार्ग की दयनीय स्थिति और जलभराव की गंभीर समस्या को लेकर ज्ञापन सौंपा। विद्यार्थी परिषद ने जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस खस्ताहाल सड़क के अविलंब मरम्मत और नवनिर्माण की मांग उठाई है।अभाविप कार्यकर्ताओं ने बताया कि रांची को गुमला और लोहरदगा से जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। बेड़ो जैसे बड़े व्यावसायिक, शैक्षणिक और कृषि केंद्र में सड़क खराब होने से न केवल यातायात प्रभावित हो रहा है, बल्कि आए दिन गंभीर दुर्घटनाएं भी हो रही हैं, जिससे आम जनता और ग्रामीण काफी परेशान हैं। अभाविप ने मांग की है कि प्रशासन भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण या पथ निर्माण विभाग को सड़क मरम्मत अथवा नवनिर्माण के लिए त्वरित अनुशंसा करे और जनहित में हादसों को रोकने के लिए अविलंब कदम उठाए जाएं। समय पर कार्रवाई नहीं होने पर अभाविप ने जनहित में आंदोलन करने की चेतावनी दी है। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि इस गंभीर विषय को जल्द ही विभाग के संबंधित अधिकारियों तक प्रेषित किया जाएगा, जिससे यथाशीघ्र सड़क की मरम्मत अथवा नवनिर्माण कार्य सुनिश्चित हो सके। ज्ञापन सौंपने वाले अभाविप के प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से नगर उपाध्यक्ष प्रोफेसर विकास कुमार सिन्हा, पूर्व विभाग संयोजक आकाश कुमार रक्षित, नगर मंत्री विक्रम कुमार महतो, छात्रसंघ सचिव रोहन कुमार और मनीष सिंह शामिल थे।