पीएम श्री कस्तूरबा विद्यालय में बाल ग्राम पंचायत का गठन, नेहा बनीं मुखिया
विद्यालय के विकास, स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन का लिया संकल्प
हुसैनाबाद। पीएम श्री प्लस टू कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय (एमवाईजीएस), हुसैनाबाद में मॉडल युवा ग्राम सभा के तहत विद्यालय स्तरीय बाल ग्राम पंचायत का गठन किया गया। लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत हुए गठन में छात्रा नेहा कुमारी को मुखिया और सुप्रिया कुमारी को उप-मुखिया चुना गया। इसके अलावा पांच छात्राओं का चयन वार्ड सदस्य के रूप में किया गया।
नवनिर्वाचित बाल ग्राम पंचायत के सदस्यों ने विद्यालय के सर्वांगीण विकास, स्वच्छता, सुरक्षित परिसर और गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन व्यवस्था को बेहतर बनाने का संकल्प लिया। विद्यालय की शिक्षिका किरण कुमारी सिंह ने चयनित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने छात्राओं को जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत की मुखिया सरिता देवी, जिप सदस्य सदस्य विमलेश पासवान सहित अन्य बीआरपी विनय कुमार सिंह समेत अन्य गणमान्य उपस्थित थे। अतिथियों ने छात्राओं के इस लोकतांत्रिक प्रयास की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मौके पर वार्डन सह शिक्षिका वंदना पांडे, किरण कुमारी सिंह,रागिनी सिंह सहित विद्यालय की सभी शिक्षिकाएं और छात्राएं मौजूद थीं। कार्यक्रम उत्साह और अनुशासन के साथ संपन्न हुआ।

