BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

कांग्रेस ने तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया : पुष्कर सिंह धामी



देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को निकाय चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि कांग्रेस ने हमेशा तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है। नैनीताल, भीमताल और भवाली क्षेत्रों में आयोजित सभाओं में उन्होंने भाजपा उम्मीदवारों को विजयी बनाने की अपील की और विकास कार्यों में तेजी लाने का वादा किया।

मुख्यमंत्री ने भवाली नगर पालिका क्षेत्र से प्रकाश आर्य, नैनीताल से जीवंती भट्ट और भीमताल पालिका क्षेत्र से कमला आर्य को विजयी बनाने की अपील की। इस दौरान भारी बारिश और ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में लोग मुख्यमंत्री धामी को सुनने के लिए पहुंचे।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार केदारखंड के साथ ही मानसखंड क्षेत्र के मंदिरों का भी विकास कर रही है। नैनीताल में मूलभूत सुविधाओं के विकास के साथ ही पार्किंग की समस्या से निजात के लिए शत्रु संपत्ति मेट्रोपोल की भूमि पर पार्किंग का निर्माण किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 'हमारी सरकार प्रदेश में सुख, शांति और सुशासन स्थापित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। भाजपा सरकार की ओर से किए गए विकास कार्यों से यह साफ है कि हम सिर्फ़ वादों की राजनीति नहीं करते, बल्कि इसे धरातल पर उतारते हैं।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जहां एक ओर भाजपा प्रदेश के विकास के लिए काम कर रही है, वहीं कांग्रेस ने हमेशा भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है। कांग्रेस की राजनीति हमेशा तुष्टिकरण करती रही है। अपने वोट बैंक की खातिर कांग्रेस उन लोगों का समर्थन करती है जो कश्मीर में फिर से धारा 370 को लागू करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यह जनता को तय करना है कि वे किसके साथ खड़े हैं –विकास और सुशासन के पक्ष में या कांग्रेस के तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार के पक्ष में।

उन्होंने कहा कि यह जनता भली-भांति जानती है कि कांग्रेस और निर्दलीयों को वोट देने का मतलब अपने मत को खराब करना है। आगामी 23 जनवरी को हम सबको मिलकर भाजपा के पक्ष में मतदान करना है ताकि क्षेत्र के विकास में तेजी लाई जा सके और जनता का विश्वास पूरी तरह से सफल हो।

इस अवसर पर लोकसभा सांसद अजय भट्ट, विधायक सरिता आर्य, पूर्व सांसद बलराज पासी, मंडलध्यक्ष आनंद बिष्ट, कमल नारायण जोशी, योगेश शर्मा, भानु, मनोज जोशी, अरविंद, दयाकृष्ण, शांति मेहरा, भामा मेहरा, रोहताश शाह, मोहित आर्य, विमला देवी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।