BREAKING NEWS

logo

प्रधानमंत्री मोदी आज अयोध्या और कुरुक्षेत्र जाएंगे, सबसे पहले श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा का करेंगे आरोहण



नई दिल्ली, । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज उत्तर प्रदेश के अयोध्या और हरियाणा के कुरुक्षेत्र के दौरे पर रहेंगे। प्रधानमंत्री अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण की पूर्णता के अवसर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होंगे। वो कुरुक्षेत्र में गीता महोत्सव में हिस्सा लेने के दौरान श्री गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। यह जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने अयोध्या और कुरुक्षेत्र में होने वाले इन आयोजनों की पूर्व संध्या पर दी। भारतीय जनता पार्टी ने भी अपने आधिकारिक एक्स हैंडल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आज के अयोध्या कार्यक्रम का संक्षिप्त सचित्र विवरण साझा किया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने अयोध्या और कुरुक्षेत्र प्रवास की पूर्व संध्या पर एक्स में दो पोस्ट साझा कीं। उन्होंने अयोध्या प्रवास के संदर्भ में 24 नवंबर की रात एक्स पर लिखा, '' प्रभु श्रीराम भारतवर्ष की आत्मा, उसकी चेतना और उसके गौरव का आधार हैं। मेरे लिए यह परम सौभाग्य की बात है कि कल 25 नवंबर को सुबह करीब 10 बजे अयोध्या के दिव्य-भव्य श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में दर्शन-पूजन का अवसर प्राप्त होगा। इसके बाद दोपहर लगभग 12 बजे श्रीराम लला के पवित्र मंदिर के शिखर पर केसरिया ध्वज के विधिवत आरोहण के ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनूंगा। यह ध्वज भगवान श्रीराम के तेज, शौर्य और उनके आदर्शों के साथ-साथ हमारी आस्था, अध्यात्म और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। जय श्री राम!''

उन्होंने कुरुक्षेत्र की यात्रा के संदर्भ में भी लिखा, '' हरियाणा की पुण्यभूमि कुरुक्षेत्र में कल शाम कई कार्यक्रमों का हिस्सा बनूंगा। करीब चार बजे भगवान श्रीकृष्ण के पवित्र शंख के सम्मान में नवनिर्मित ‘पांचजन्य’ के लोकार्पण के बाद महाभारत अनुभव केंद्र जाने का सौभाग्य प्राप्त होगा। लगभग 4:30 बजे श्री गुरुतेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में सहभागी बनूंगा। यहां उनके सम्मान में विशेष सिक्का और स्मारक डाक टिकट जारी किया जाएगा। इसके बाद पवित्र ब्रह्म सरोवर में पूजा-अर्चना का भी सुअवसर मिलेगा।''

पीएमओ के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी सुबह अयोध्या पहुंचेंगे। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनका स्वागत करेंगे। करीब 10 बजे प्रधानमंत्री सप्तमंदिर जाएंगे। इसके बाद वे शेषावतार मंदिर के दर्शन करेंगे। सुबह करीब 11 बजे प्रधानमंत्री माता अन्नपूर्णा मंदिर जाएंगे। इसके बाद वो राम दरबार गर्भ गृह में दर्शन और पूजा करेंगे। फिर राम लला के दर्शन करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी दोपहर करीब 12 बजे श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर भगवा ध्वज का आरोहण करेंगे। यह मंदिर निर्माण के पूर्ण होने के साथ सांस्कृतिक उत्सव और राष्ट्रीय एकता के एक नए अध्याय की शुरुआत का प्रतीक होगा। यह देश के सामाजिक-सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण अवसर होगा। मप्रधानमंत्री इस ऐतिहासिक मौके पर सभा को भी संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, यह कार्यक्रम मार्गशीर्ष माह के शुक्ल पक्ष की शुभ पंचमी को होगा। श्रीराम और मां सीता की विवाह पंचमी के अभिजीत मुहूर्त पर होने वाला यह ध्वजारोहण दिव्य मिलन का प्रतीक है। यह तारीख सिखों के नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर के शहीदी दिवस को भी दर्शाती है। उन्होंने 17वीं सदी में अयोध्या में 48 घंटे बिना रुके ध्यान किया था। इससे इस दिन का आध्यात्मिक महत्व और बढ़ जाता है।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के अनुसार, दाएं कोण वाले तिकोने झंडे की ऊंचाई 10 फुट और लंबाई 20 फुट है। इस पर चमकते सूरज की तस्वीर है, जो भगवान श्रीराम की चमक और वीरता का प्रतीक है। इस पर 'ॐ' लिखा है और साथ ही कोविदारा पेड़ की तस्वीर भी है। पवित्र भगवा ध्वज राम राज्य के आदर्शों को दिखाते हुए, गरिमा, एकता और सांस्कृतिक निरंतरता का संदेश देगा।

ध्वज पारंपरिक उत्तर भारतीय नागर वास्तुकला शैली में निर्मित शिखर के ऊपर फहराया जाएगा, जबकि आसपास का 800 मीटर का परकोटा, मंदिर के चारों ओर बना एक परिक्रमा घेरा, जिसे दक्षिण भारतीय वास्तुकला परंपरा में डिजाइन किया गया है। यह मंदिर की वास्तुकला विविधता को प्रदर्शित करता है।

मंदिर परिसर में मुख्य मंदिर की बाहरी दीवारों पर वाल्मीकि रामायण पर आधारित भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़ी 87 बारीक नक्काशी वाले पत्थर की घटनाएं हैं, और घेरे की दीवारों पर भारतीय संस्कृति से जुड़ी 79 कांस्य की कहानियां हैं। ये सभी चीज़ें मिलकर सभी दर्शनार्थियों को जानकारी देने वाला अनुभव देती हैं, जिससे भगवान श्रीराम के जीवन और भारत की सांस्कृतिक विरासत के बारे में गहरी जानकारी मिलती है।

पीएमओ के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी शाम को कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे। वो शाम करीब साढ़े चार बजे श्री गुरुतेग बहादुर जी के शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। वह इस मौके पर एक खास सिक्का और स्मारक डाक डिकट जारी करेंगे। इससे पहले शाम करीब चार बजे भगवान कृष्ण के पवित्र शंख के सम्मान में बनाए गए नए ‘पांचजन्य’ का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह महाभारत अनुभव केंद्र जाएंगे। उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार श्री गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस के सम्मान में साल भर चलने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की घोषणा की है।

शाम करीब 5:45 बजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ब्रह्म सरोवर में दर्शन और पूजा करेंगे। यह सरोवर देश के पवित्र तीर्थ स्थलों में से एक है। यह स्थान श्रीमद् भगवद गीता के दिव्य रहस्योद्घाटन से जुड़ा है। इस समय कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव की धूम है। 15 नवंबर से शुरू महोत्सव का समापन पांच दिसंबर को होगा।