वर्दी पर राखी का बंधन: श्रावणी मेले में ड्यूटी कर रहे जवानों को बच्चों ने बांधी राखी
वर्दी पर राखी का बंधन: श्रावणी मेले में ड्यूटी कर रहे जवानों को बच्चों ने बांधी राखी
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
देवघर : रक्षाबंधन के एक दिन पूर्व गुरुवार को देवघर में बच्चों ने अनोखी पहल करते हुए श्रावणी मेला-2026 में ड्यूटी पर आए जवानों को राखी बांधी। बच्चों ने जवानों की कलाई पर प्यार और विश्वास की डोर बांधकर उनके प्रति आभार और सम्मान व्यक्त किया।
इस दौरान बच्चों ने कहा कि जवान अपने परिवार से दूर रहकर दिन-रात श्रावणी मेले में ड्यूटी कर रहे हैं, तभी मेले का सफल संचालन हो पा रहा है। इन जवानों के कारण ही हमलोग खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। बच्चों ने राखी के साथ जवानों की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और सलामती की कामना की।
जवानों ने भी बच्चों को स्नेह और आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह आयोजन बच्चों और मेले में तैनात जवानों के बीच स्नेह और सम्मान का प्रतीक बन गया। इसका उद्देश्य बच्चों में संस्कार और संवेदनशीलता की भावना विकसित करना था।
कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. रूपाश्री समेत पूजा कुमारी, सानिया, शिवानी का विशेष योगदान रहा। उन्होंने बच्चों को रक्षाबंधन के महत्व से अवगत कराया और जवानों के प्रति कृतज्ञता की भावना को प्रोत्साहित किया।
उल्लेखनीय है कि रक्षाबंधन के दिन शुक्रवार, 28 जुलाई को प्राथमिक शिक्षा निदेशालय, रांची द्वारा सभी विद्यालयों में एकदिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।






