BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

चुनाव 26 : पिछले पांच साल में कुल्टी में कोई विकास नहीं हुआ -अभिजीत घटक


आसनसोल (पश्चिम बर्धमान), 03 अप्रैल । जिले के आसनसोल के कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को सीतारामपुर के वार्ड संख्या 19 के तालपाड़ा इलाके में तृणमूल कांग्रेस के नए पार्टी कार्यालय का उद्घाटन किया गया। इस कार्यक्रम में कुल्टी से तृणमूल उम्मीदवार अभिजीत घटक मौजूद रहे।

कार्यालय उद्घाटन के बाद करीब 10 भाजपा कार्यकर्ता तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए। अभिजीत घटक ने उन्हें पार्टी में स्वागत किया और कहा कि यह बदलाव क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति को दर्शाता है।

मीडिया से बातचीत के दौरान अभिजीत घटक ने कुल्टी के वर्तमान विधायक और भाजपा उम्मीदवार डॉ. अजय कुमार पोद्दार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले पांच वर्षों में कुल्टी में कोई ठोस विकास कार्य नहीं हुआ है और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति में भी कोई बड़ा सुधार नहीं आया।

उन्होंने विधायक फंड को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि विधायक को अपने कार्यकाल में लगभग 3.30 करोड़ रुपये मिले, लेकिन इस राशि का उपयोग किन कार्यों में हुआ, इसका स्पष्ट विवरण सामने नहीं आया है।

अभिजीत घटक ने यह भी कहा कि इलाके में जो कुछ विकास कार्य हुए हैं, वे मुख्य रूप से आसनसोल दुर्गापुर विकास प्राधिकरण (एडीडीए) और आसनसोल नगर निगम के माध्यम से किए गए हैं।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को देखते हुए कुल्टी सीट पर राजनीतिक गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं और विभिन्न दलों के नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।