नेपाल के रसुवा जिले में आई अचानक बाढ़ के बाद हालात गंभीर बने हुए हैं. नेपाल पर्यटन बोर्ड के मुताबिक, 105 भारतीय पर्यटकों समेत 300 से अधिक पर्यटकों और पदयात्रियों का अब तक पता नहीं चल पाया है. बाढ़ में अब तक 8 लोगों की मौत की जानकारी है. राहत-बचाव के लिए 15 हेलीकॉप्टर लगाए गए हैं.
नेपाल में जलप्रलय से 8 की मौत, 105 भारतीय टूरिस्ट समेत 300 से ज्यादा लोग लापता, रेस्क्यू के लिए उतारे गए 15 हेलीकॉप्टर
बिग ब्रेकिंग: नेपाल में जलप्रलय से 8 की मौत, 105 भारतीय टूरिस्ट समेत 300 से ज्यादा लोग लापता, रेस्क्यू के लिए उतारे गए 15 हेलीकॉप्टर
भोटेकोशी नदी में बुधवार सुबह अचानक पानी बढ़ने से टिमुरे बाजार और रसुवा सीमा नाके के कस्टम क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ. तेज बहाव में कई वाहन बह गए. बाढ़ से 13 जलविद्युत परियोजनाएं भी प्रभावित हुई हैं. प्रभावित इलाकों में बचाव अभियान लगातार जारी है.
पर्यटन और ट्रैवल कंपनियों से मिले शुरुआती रिकॉर्ड के मुताबिक, प्रभावित इलाकों से 384 यात्रियों के लापता होने की जानकारी मिली है. इनमें 291 विदेशी नागरिक और 93 नेपाली नागरिक शामिल हैं. ट्रैवल एजेंसियों, गाइड, स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर इन आंकड़ों की जांच की जा रही है. विदेशी पर्यटकों में भारतीयों के अलावा ऑस्ट्रेलिया, नीदरलैंड्स, अमेरिका, मलेशिया, ब्रिटेन और दक्षिण अफ्रीका के नागरिक शामिल हैं.
पर्यटन बोर्ड, पर्यटक पुलिस, स्थानीय प्रशासन तथा सुरक्षा एजेंसियां लापता लोगों की जानकारी जुटा रही हैं. ट्रेकिंग गाइडों की मदद से भी प्रभावित इलाकों में लोगों की तलाश की जा रही है.
25 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
वहीं, नेपाल सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल राजाराम बस्नेत के मुताबिक, बुसी तथा तुसु जैसे प्रभावित इलाकों से 25 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है. बचाव अभियान में 15 हेलीकॉप्टर लगाए गए हैं. इनमें 7 नेपाली सेना के हैं, जबकि 8 दूसरी एजेंसियों के हैं.
मछली ट्रेनिंग कैंप में मेडिकल सेंटर बनाया गया है. यहां घायलों का इलाज किया जा रहा है. प्रभावित इलाकों में मेडिकल टीमों के साथ बचाव दल भी तैनात हैं.






