BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

जिला समन्वय समिति की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, एक सप्ताह में रानीडीह स्टेडियम का काम शुरू कराने का निर्देश।


उदय किशोर सिंह,

जामताड़ा। समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी जामताड़ा आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही पूर्व की बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी जानकारी ली गई। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में रानीडीह स्टेडियम निर्माण कार्य को लेकर उपायुक्त ने विशेष प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को अंचल अधिकारी से समन्वय स्थापित कर एक सप्ताह के अंदर निर्माण कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया। बताया गया कि स्टेडियम निर्माण में आ रही सभी बाधाएं दूर कर ली गई हैं।
बैठक में खाद्यान्न गोदाम निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा सरकारी विद्यालयों के परिसर से बिजली के नंगे तारों को हटाने की भी समीक्षा की गई। शेष विद्यालयों में इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का निर्देश दिया गया।
पीवीटीजी गांवों में विकसित हों मूलभूत सुविधाएं
कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान छात्रवृत्ति भुगतान, साइकिल वितरण, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, वनाधिकार पट्टा और पीवीटीजी ग्रामोत्थान योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी ली गई। उपायुक्त ने पीवीटीजी बाहुल्य गांवों का सर्वे कर वहां सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष योजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने इन गांवों को मॉडल गांव के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजने को कहा।
मल्टीपरपज भवनों को फंक्शनल बनाने और उनका बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। कृषि विभाग के अंतर्गत इंटीग्रेटेड एग्रो प्रोसेसिंग हब के लिए जमीन चिन्हित किए जाने की जानकारी दी गई। उपायुक्त ने विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्राचार करने का निर्देश दिया।
आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी लाने का निर्देश
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने माइक्रोप्लान के अनुरूप पीडीएस डीलरों से संबद्ध सहिया एवं अन्य तकनीकी कर्मियों के बीच समन्वय स्थापित कर पीडीएस दुकानों के स्तर पर कैंप लगाने का निर्देश दिया।
सदर अस्पताल की साफ-सफाई, बेहतर संचालन और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य उपकेंद्रों के निर्माण और रखरखाव की समीक्षा करते हुए आबादी वाले क्षेत्रों में निर्माण कार्य को प्राथमिकता देने को कहा गया।
बजराघाट पुल पर वाहनों और नाव परिचालन पर रोक
बैठक में जामताड़ा प्रखंड अंतर्गत एनएच-419 पर स्थित क्षतिग्रस्त बजराघाट पुल की स्थिति पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुल पर सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर तत्काल रोक लगाने का निर्देश दिया। पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद नाव के माध्यम से लोगों और दोपहिया वाहनों के आवागमन को भी गंभीरता से लेते हुए नाव परिचालन पर तत्काल रोक लगाने को कहा गया। साथ ही इस संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया गया।
अनधिकृत स्पीड ब्रेकर हटाने का निर्देश
उपायुक्त ने सड़क किनारे अनुपयोगी बिजली पोल छोड़ने के मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि भविष्य में अनुपयोगी बिजली पोल सड़क किनारे नहीं छोड़े जाएं। साथ ही जिले की विभिन्न सड़कों पर अनुपयोगी बिजली पोल से बनाए गए सभी अनधिकृत स्पीड ब्रेकरों को तत्काल हटाने का निर्देश संबंधित एजेंसी को दिया।
बैठक में जेबीसी जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के खेल मैदान में बारिश के दौरान जलजमाव, विभिन्न विद्यालयों में पेयजल की समस्या सहित अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, सिविल सर्जन डॉ. एसके मिश्रा, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक मु. नीलम कुजूर, जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, जिला आपूर्ति पदाधिकारी कयूम अंसारी, जिला खनन पदाधिकारी मिहिर सलकर, जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी उपस्थित थे।