हुसैनाबाद नगर पंचायत में नालियों की सफाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति, कई दुकानों में घूंसा नालियों का गंदा पानी
हुसैनाबाद: कृष्णा यादव
हुसैनाबाद: हुसैनाबाद नगर पंचायत क्षेत्र में विकास और सफाई के दावों की पोल खुलती नजर आ रही है। अंबेडकर चौक से जेपी चौक तक नालियों की सफाई को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष अजय कुमार भारती द्वारा किए गए वादे अब सवालों के घेरे में हैं। स्थानीय निवासियों और दुकानदारों ने नगर प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि क्षेत्र में नालियों की सफाई के नाम पर महज खानापूर्ति की गई है, जिससे जल-निकासी की समस्या जस की तस बनी हुई है। स्थानीय नगर पंचायत वासियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार कुछ समय पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अजय कुमार भारती ने बड़े दावों के साथ कहा था कि एक सप्ताह के भीतर जेसीबी मशीन लगाकर अंबेडकर चौक से जेपी चौक तक नालियों की व्यापक सफाई कराई जाएगी। साथ ही सड़क और नालियों को जाम कर रहे अतिक्रमण को भी हटाया जाएगा। उन्होंने कहा था कि जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करना नगर पंचायत की सर्वोच्च प्राथमिकता है। लेकिन धरातल पर स्थिति इसके बिल्कुल उलट है।स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि नालियों और फेवर ब्लॉक पर भारी अतिक्रमण है। इस वजह से बारिश का पानी सड़कों पर बहने लगता है और पूरा इलाका जलमग्न हो जाता है। जलभराव के कारण न सिर्फ दुकानदारों का व्यापार प्रभावित हो रहा है, बल्कि राहगीरों और स्थानीय लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है।सफाई अभियान के फुस्स साबित होने से आक्रोशित दुकानदारों और नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की है। लोगों का कहना है कि न तो नालियों की ठीक सफाई की गई और न ही अतिक्रमणकारियों पर कोई कार्रवाई हुई। स्थानीय जनता ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि दिखावे की राजनीति बंद कर नालियों की समुचित सफाई कराई जाए, अतिक्रमण हटाया जाए और क्षेत्र को जलजमाव से मुक्ति दिलाने के लिए एक स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।





