रजवाडीह मवि के बाल सांसदों की सभा में शामिल हुए मुखिया जी, कहा पूरी होंगी छात्रों की मांगें
मेदिनीनगर :सदर मेदिनीनगर प्रखंड अंतर्गत रजवाडीह मध्य विद्यालय में बाल संसद का आयोजन हुआ। सभा में रजवाडीह पंचायत के मुखिया अनुज कुमार त्रिपाठी,उप मुखिया प्रभात रंजन पाण्डेय व वार्ड सदस्य अनीता देवी शामिल हुए। बाल सांसदों ने विद्यालय हित में सर्वसम्मति से जल जमाव के निराकरण व छत मरम्मति सहित अनेक प्रस्ताव पारित कर उसे मुखिया श्री अनुज कुमार त्रिपाठी को हस्तगत किया। इस पर मुखिया श्री त्रिपाठी ने आश्वस्त किया कि बाल सांसदों की मांगें पूरी की जायेगीं। उन्होंने छात्र-छात्राओं में हो रहे लोकतांत्रिक मूल्यों के विकास के प्रति प्रसन्नता व्यक्त की। विद्यालय की प्रभारी श्रीमती निशा ने बैठक का संयोजन किया तथा मुखिया जी सहित सभी स्थानीय प्राधिकार के विद्यालय आगमन के लिए धन्यवाद दिया। बैठक में शिक्षिका श्रीमती पूनम रानी व लैब इंस्ट्रक्टर अनूप कुमार मिश्रा उपस्थित थे। वहीं जेसीईआरटी,रांची में आयोजित एक महत्त्वपूर्ण कार्यशाला में भाग ले रहे प्रधानाध्यापक परशुराम तिवारी ने बाल संसद के सफल व सार्थक आयोजन की सराहना की।






