सिंहासनी महोत्सव के जरिये नई पीढ़ी को समृद्ध लोक-संस्कृति से कराएंगे अवगत:शिक्षा मंत्री
•बोले-इस ऐतिहासिक स्थल को पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान दिलाने का किया जा रहा प्रयास
•शिक्षा मंत्री ने की समीक्षा बैठक,अधिकारियों को समय पर सभी तैयारियां पूरी करने के दिए निर्देश
स्टेट ब्यूरो चीफ-बिहार
पटना(बिहार)।सूबे के शिक्षा मंत्री सह बैकुंठपुर विधायक मिथिलेश तिवारी ने कहा है कि सिंहासनी केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि हमारी आस्था,संस्कृति और गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है।यहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं।सिंहासनी महोत्सव के माध्यम से हमारी समृद्ध लोक-संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ-साथ इस ऐतिहासिक स्थल को पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
माननीय शिक्षा मंत्री ने आगामी 24 अगस्त को गोपालगंज के बैकुंठपुर स्थित सिंहासनी में आयोजित होने वाले महोत्सव की तैयारियों को लेकर गुरुवार को बैकुंठपुर प्रखंड मुख्यालय में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की।श्री तिवारी ने कहा कि यह महोत्सव कला,संस्कृति एवं युवा विभाग तथा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सहयोग से हो रहा है।जिला प्रशासन की ओर से माननीय प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा, कला,संस्कृति एवं युवा विभाग के माननीय मंत्री डॉ.प्रमोद चंद्रवंशी तथा माननीय राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ.दिलीप जायसवाल से कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया गया है।माननीय मंत्री डॉ.प्रमोद चंद्रवंशी ने सहमति दे दी है।उनके अलावा अन्य माननीय विधायक,विधान पार्षद और अधिकारी भी महोत्सव में शामिल होंगे।महोत्सव में सुपरस्टार मनोज तिवारी,अनुपमा यादव सहित कई प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।समीक्षा बैठक के दौरान शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को साफ-सफाई,बिजली, पेयजल,सुरक्षा,यातायात,पार्किंग,चिकित्सा और कार्यक्रम स्थल की अन्य सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि सिंहासनी महोत्सव भव्य होने के साथ-साथ पूरी तरह सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं एवं आम लोगों की सुविधाओं के अनुरूप होना चाहिए।कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो,इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।






