जन समाधान दिवस में 23 आवेदन प्राप्त, 6 मामलों का मौके पर हुआ निष्पादन
छतरपुर: प्रखंड सभागार में शनिवार को प्रखंड सह अंचल जन समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी गणेश महतो, प्रखंड सह अंचल अधिकारी आशीष कुमार साहू, प्रधान सहायक नवाब साहब सहित प्रखंड एवं अंचल के पदाधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।
जन समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 23 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें भूमि संबंधी 6, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित 8, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) से संबंधित 2, थाना संबंधी 1, पेंशन संबंधी 2 तथा आधार से संबंधित 4 आवेदन शामिल थे।
प्राप्त आवेदनों में से 6 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष 17 आवेदनों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई एवं समयबद्ध निष्पादन के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया।
प्रखंड सह अंचल अधिकारी आशीष कुमार साहू ने बताया कि आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं सरकारी सेवाओं को सुलभ बनाने के उद्देश्य से जन समाधान दिवस का आयोजन प्रत्येक शनिवार को कार्य दिवस के दौरान नियमित रूप से किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इस व्यवस्था का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।




