BREAKING NEWS

logo

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मतदाताओं से समय पर एसआईआर प्रपत्र भरने की अपील की


मुख्यमंत्री सचिवालय, रांची | 02 जुलाई 2026:

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कांके रोड, रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत स्वयं एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर जमा किया। इस अवसर पर उन्होंने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर एसआईआर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदान का अधिकार सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे समय पर अपना एसआईआर प्रपत्र भरें और मतदाता सूची में अपनी जानकारी का सत्यापन सुनिश्चित कराएं।

इस दौरान 64-हटिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-290 की बीएलओ ने मुख्यमंत्री के समक्ष एन्यूमरेशन फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी कराई। मौके पर विधायक कल्पना सोरेन ने भी स्वयं अपना एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर जमा किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक नागरिक की लोकतांत्रिक भागीदारी ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है। मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की आधारशिला है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे एसआईआर अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने परिवार, पड़ोस एवं समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजंत्री, अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, ईआरओ-सह-एडीएम धनंजय, उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन तथा बीएलओ श्रीमती वेरोनिका देवी उपस्थित थे।