BREAKING NEWS

logo

रामगढ़ में लूटकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, बाइक-मोबाइल समेत कई सामान बरामद


पलामू: रामगढ़ थाना पुलिस ने बाइक और मोबाइल लूटकांड का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से लूटी गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक, चार मोबाइल, लूटी गई बाइक का नंबर प्लेट, दोनों इंडिकेटर ग्लास, एक खिलौना पिस्टल तथा अन्य सामान बरामद किया है। प्रारंभिक पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। 
पुलिस के अनुसार, 23 जून को रामगढ़ थाना क्षेत्र के बेनीडीह निवासी सुरजदेव भुइयां ने आवेदन देकर बताया था कि 22 जून की शाम सरूडुआ से घर लौटने के दौरान तिनकोनिया मोड़ के पास तीन युवकों ने उनकी बाइक रोककर मारपीट की और उनकी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल तथा वीवो मोबाइल लूटकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर रामगढ़ थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पहले घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की। इसके बाद गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर लूटी गई स्प्लेंडर बाइक और मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए गए। पुलिस ने इस मामले में रामगढ़ थाना क्षेत्र के बाढ़ी गांव के अभय कुमार रजक (22 वर्ष), चंदन कुमार (23 वर्ष) और अंकुर कुमार (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल, लूटी गई स्प्लेंडर बाइक, चार मोबाइल फोन, खिलौना पिस्टल, बाइक का नंबर प्लेट, इंडिकेटर ग्लास सहित अन्य सामान जब्त किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।