रांची: स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और स्थानीय विधायक सुरेश बैठा ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से फीता काटकर कर राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान परिसर में बने क्षेत्रीय नेत्र संस्थान का उद्घाटन किया। समारोह में रिम्स के प्रभारी निदेशक डॉ. दीपेंद्र कुमार सिन्हा के साथ-साथ अस्पताल के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इस संस्थान के शुरू होने से अब राज्य के लोगों को आंखों के बड़े ऑपरेशनों और कॉर्निया ट्रांसप्लांट जैसे जटिल इलाजों के लिए दिल्ली या चेन्नई जैसे महानगरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और विधायक सुरेश बैठा ने किया क्षेत्रीय नेत्र संस्थान का उद्घाटन
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और विधायक सुरेश बैठा ने किया क्षेत्रीय नेत्र संस्थान का उद्घाटन
गरीबों को नहीं जाना पड़ेगा राज्य से बाहर, रिम्स में ही होगा विश्वस्तरीय इलाज: स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी
उद्घाटन के बाद मीडिया से बात चित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा,हमारी सरकार का मुख्य लक्ष्य स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। और बरियातू के रिम्स परिसर में क्षेत्रीय नेत्र संस्थान झारखंड के उन गरीब मरीजों के लिए उम्मीद की नई किरण है जो पैसों के अभाव में अपनी आंखों का इलाज नहीं करा पाते थे। अब रिम्स में ही अत्याधुनिक मशीनों के जरिए मोतियाबिंद से लेकर रेटिना की गंभीर बीमारियों का मुफ्त और बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जाएगा। हम रिम्स को देश के सर्वश्रेष्ठ अस्पतालों की सूची में लाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं ।
ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों के लिए संस्थान मिल का पत्थर साबित होगा:विधायक सुरेश बैठा
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद विधायक सुरेश बैठा ने सरकार के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा, ग्रामीण और दूर-दराज के इलाकों से आने वाले मरीजों के लिए रिम्स हमेशा से सबसे बड़ा सहारा रहा है। इस नए और आधुनिक नेत्र संस्थान के खुलने से हमारे क्षेत्र की जनता, खासकर बुजुर्गों को बहुत बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें आंखों की जांच और ऑपरेशन के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था। मुझे पूरा भरोसा है कि यह संस्थान डॉक्टरों की बेहतर देखरेख में अपनी एक अलग और विश्वसनीय पहचान बनाएगा और लोगों को यहां आकर अपनी परेशानी से पूरी तरह निजात मिलेगी।
अत्याधुनिक उपकरणों और विशेषज्ञ डॉक्टरों के साथ जल्द ही देश में नाम कमाएगा यह संस्थान': प्रभारी निदेशक डॉ. दीपेंद्र कुमार सिन्हा
रिम्स के प्रभारी निदेशक डॉ. दीपेंद्र कुमार सिन्हा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए संस्थान की कार्ययोजना पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा,क्षेत्रीय नेत्र संस्थान की शुरुआत रिम्स परिवार के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। हमारे पास न केवल विश्वस्तरीय और एडवांस मेडिकल उपकरण मौजूद हैं, बल्कि डॉक्टरों की एक बेहद अनुभवी और समर्पित टीम भी तैयार है। हमारा पूरा ध्यान इस बात पर रहेगा कि मरीजों को ओपीडी से लेकर इनडोर वार्ड और ऑपरेशन थिएटर तक में किसी भी तरह की असुविधा न हो।




