20वीं झारखंड राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में दमखम दिखाएंगी राज्यभर की पुरुष-महिला टीमें, राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए होगा खिलाड़ियों का चयन।
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। ऐतिहासिक गांधी मैदान एक बार फिर खेल प्रतिभाओं के रोमांचक मुकाबलों का गवाह बनने जा रहा है। कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखंड के तत्वावधान में जामताड़ा जिला कबड्डी संघ द्वारा 2 से 4 अक्टूबर 2026 तक 20वीं झारखंड राज्य स्तरीय पुरुष एवं महिला कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर बुधवार को गांधी मैदान में जिला कबड्डी संघ के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। अध्यक्षता संघ के वरीय उपाध्यक्ष डॉ. चंचल भंडारी ने की, जबकि संचालन सचिव करन कुमार राउत ने किया।
बैठक में तीन दिवसीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचने वाली टीमों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, तकनीकी पदाधिकारियों और अतिथियों की सुविधा को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।
प्रतियोगिता के दौरान गांधी मैदान में मानक कबड्डी मैट, बेहतर कोर्ट मार्किंग, डे-नाइट मुकाबलों के लिए फ्लड लाइट, साउंड सिस्टम और दर्शक दीर्घा की व्यवस्था की जाएगी। खिलाड़ियों और टीम प्रबंधकों के ठहरने, पौष्टिक भोजन तथा शुद्ध पेयजल की भी समुचित व्यवस्था रहेगी। वहीं खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मेडिकल टीम, प्राथमिक उपचार की सुविधा और एंबुलेंस की तैनाती की जाएगी।
राष्ट्रीय टीम के लिए खुलेगा खिलाड़ियों का रास्ता
प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों की श्रेष्ठ पुरुष एवं महिला टीमें अपना दमखम दिखाएंगी। बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप के लिए झारखंड टीम में किया जाएगा। ऐसे में यह प्रतियोगिता स्थानीय और राज्य स्तरीय खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा साबित करने का बड़ा मंच होगी।
आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए स्वागत, अनुशासन, तकनीकी, प्रचार-प्रसार और आवास सहित विभिन्न उप-समितियों का गठन कर सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। संघ के पदाधिकारियों ने खेल प्रेमियों, समाजसेवियों और प्रशासन से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की। बैठक में जिला कबड्डी संघ के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, निर्णायक मंडल के सदस्य और आयोजन समिति से जुड़े कार्यकर्ता मौजूद रहे।






