MMDR संशोधन के खिलाफ 26 सितंबर को रांची में कांग्रेस का प्रदर्शन,
डॉ. इरफान ने कहा- झारखंड के हक से समझौता नहीं।
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। दुलाडीह में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए झारखंड के स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने केंद्र सरकार और भाजपा की नीतियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि MMDR संशोधन कानून झारखंड के खनिज संसाधनों, राजस्व और राज्य के अधिकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। कांग्रेस इस मुद्दे पर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाएगी।
डॉ. अंसारी ने कहा कि झारखंड की जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा से राज्य का भविष्य जुड़ा है। उन्होंने कहा कि राज्य के अधिकारों को प्रभावित करने वाली किसी भी नीति का विरोध किया जाएगा। उन्होंने सामाजिक सद्भाव का मुद्दा उठाते हुए कहा कि देश में सभी धर्मों, जातियों और समुदायों को समान अधिकार संविधान ने दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि धर्म और जाति के नाम पर समाज को बांटने की राजनीति से भाईचारे को नुकसान पहुंच रहा है।
बुलडोजर कार्रवाई पर उन्होंने कहा कि किसी गरीब का घर टूटने से केवल भवन नहीं, बल्कि परिवार का भविष्य और भावनाएं भी प्रभावित होती हैं। कानून सबके लिए समान होना चाहिए।
डॉ. अंसारी ने कहा कि 26 सितंबर को रांची में कांग्रेस MMDR संशोधन के विरोध में लोक भवन तक मार्च और महाधरना करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की। झारखंड कांग्रेस ने भी 26 सितंबर के कार्यक्रम की तैयारियों की पुष्टि की है।
सभा में मुखिया दिनेश, कांग्रेस प्रदेश प्रतिनिधि निशापति हांसदा, भागीरथ पंडित सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद थे।





