थाना प्रभारी लाल जी की सक्रियता से चैनपुर थाना में साफ-सफाई और व्यवस्था में दिखा बदलाव
डीएसपी राजेश यादव ने किया निरीक्षण, सोशल पुलिसिंग और पुलिसकर्मियों की सुविधाओं पर दिया जोर
पलामू : आमतौर पर थाना का नाम सुनते ही लोगों के मन में गंभीर और औपचारिक माहौल की तस्वीर उभरती है। लेकिन चैनपुर थाना इन दिनों अपनी बदली हुई व्यवस्था और साफ-सफाई को लेकर चर्चा में है। थाना प्रभारी लाल जी के पदभार संभालने के बाद थाना परिसर और थाना कक्ष की व्यवस्था में लगातार सुधार देखने को मिल रहा है।
थाना परिसर में साफ-सफाई के साथ-साथ थाना कक्ष को व्यवस्थित और बेहतर बनाने की दिशा में पहल की गई है। इसी क्रम में डीएसपी राजेश यादव चैनपुर थाना पहुंचे। यहां पूजा-पाठ के बाद उन्होंने विधिवत थाना कक्ष में प्रवेश किया।
निरीक्षण के दौरान डीएसपी राजेश यादव ने कहा कि जिले के सभी थानों में साफ-सफाई के साथ व्यवस्थित वातावरण होना चाहिए। थाना केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने का स्थान नहीं, बल्कि आम लोगों के बीच पुलिस के प्रति विश्वास पैदा करने का महत्वपूर्ण केंद्र भी है।
उन्होंने थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के साथ थाना परिसर की स्वच्छता और सोशल पुलिसिंग पर विशेष ध्यान देने की बात कही। डीएसपी ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कानून के अनुसार प्रभावी कार्रवाई के साथ आम नागरिकों और व्यवसायियों में यह भरोसा पैदा करना जरूरी है कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर है।
डीएसपी ने पुलिसकर्मियों के कल्याण पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आरक्षी, सिपाही और हवलदार समेत सभी पुलिसकर्मियों के रहने और खाने की बेहतर व्यवस्था होनी चाहिए। बेहतर कार्य वातावरण मिलने से पुलिसकर्मी अधिक जिम्मेदारी और सकारात्मक ऊर्जा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि सोशल पुलिसिंग के माध्यम से पुलिस और आम जनता के बीच की दूरी कम करना समय की जरूरत है। पुलिस के प्रति समाज में सकारात्मक भावना पैदा करना और लोगों का विश्वास हासिल करना पुलिसिंग का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
चैनपुर थाना की बदली व्यवस्था को लेकर स्थानीय स्तर पर भी चर्चा है। साफ-सफाई, व्यवस्थित थाना कक्ष और पुलिसिंग में सकारात्मक बदलाव की यह पहल आने वाले दिनों में पुलिस और आम जनता के बीच संबंधों को और बेहतर बनाने में कितनी प्रभावी साबित होती है, यह देखने वाली बात होगी।





