BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

नबीनगर रेलवे स्टेशन पर देशी कट्टा व दो जिंदा कारतूस के साथ मोटरसाइकिल चोरी गिरोह से जुड़े दो युवक गिरफ्तार


हुसैनाबाद:कृष्णा यादव 

हुसैनाबाद,पलामू: रेलवे सुरक्षा बल  नबीनगर ने आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए नबीनगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 2/3 से दो युवकों को देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी झारखंड के गढ़वा जिले के रहने वाले बताए गए हैं।
आरपीएफ निरीक्षक राम विलास राम के नेतृत्व में उप निरीक्षक जय प्रकाश प्रसाद, सहायक उप निरीक्षक शिव शंकर सिंह यादव तथा आरक्षी संतोष कुमार मिश्रा और शैलेश कुमार शर्मा की टीम स्टेशन पर निगरानी और जांच कर रही थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर विशाल कुमार (25), पिता रवि चौधरी, ग्राम नारायणपुर, थाना कांडी, गढ़वा तथा मनीष कुमार यादव (20), पिता लालनाथ यादव, ग्राम बनखेता अरसली वार्ड-3, थाना भवनाथपुर, गढ़वा को पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान उनके पिट्ठू बैग से भगवा रंग के गमछे में लिपटा एक लोहे का देशी कट्टा और काले प्लास्टिक में रखे 8 एमएम/केएफ अंकित दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में दोनों ने झारखंड से सटे राज्यों में मोटरसाइकिल चोरी करने और पकड़े जाने से बचने के लिए हथियार रखने की बात बताई।
आरपीएफ ने हथियार व कारतूस को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद निरीक्षक राम विलास राम के लिखित शिकायत पत्र और जब्त हथियार के साथ दोनों को अग्रिम कार्रवाई के लिए राजकीय रेल थाना, सोननगर को सुपुर्द कर दिया गया।
आरपीएफ के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विशाल कुमार पूर्व में मोटरसाइकिल चोरी से जुड़े सात मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ वर्ष 2022 और 2025 में चोरी व संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज रहे हैं। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर हथियार और मोटरसाइकिल चोरी से जुड़े अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही है।