BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

दिशा की बैठक में पलामू सांसद ने जिले में संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा की


पलामू : जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक शनिवार को समाहरणालय सभागार में पलामू सांसद विष्णु दयाल राम की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। इस दौरान कुछ योजनाओं की धीमी प्रगति पर सांसद ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित पदाधिकारियों से जानकारी ली तथा पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों एवं उनके अनुपालन की भी समीक्षा की।

बैठक में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, सर्व शिक्षा अभियान, समेकित बाल विकास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना एवं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं में आ रही समस्याओं एवं कमियों से समिति के अध्यक्ष को अवगत कराया। इस पर सांसद ने लक्ष्य आधारित योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा योजनाओं का वास्तविक लाभ आम लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया।

 प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा 

सांसद ने विभिन्न वित्तीय वर्षों के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना के लक्ष्य एवं उपलब्धि की जानकारी लेते हुए कहा कि अभी भी कुछ योग्य लाभुक ऐसे हैं, जिन्हें किसी भी आवास योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। उन्होंने ऐसे सभी योग्य लाभुकों को आवास योजना से आच्छादित करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि बिना उचित कारण किसी भी लाभुक की किस्त लंबित नहीं रहनी चाहिए।

इस दौरान विभिन्न विधायकों ने भी योग्य लाभुकों के आवास योजना से वंचित रहने की समस्या को उठाया। चतरा सांसद प्रतिनिधि ने भी इस विषय को प्रमुखता से समिति के समक्ष रखा।

 जी-राम जी के तहत मानव दिवस सृजन की समीक्षा 

जी-राम जी के तहत मानव दिवस सृजन की समीक्षा के दौरान सांसद ने कहा कि जिले में योजना के बंद होने को लेकर अफवाह फैल रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आम लोगों के बीच वस्तुस्थिति स्पष्ट करने तथा अनावश्यक भ्रम की स्थिति समाप्त करने का निर्देश दिया।

 शिक्षा एवं पेयजल व्यवस्था पर विशेष जोर 

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कई प्रखंड प्रमुखों ने बच्चों की संख्या के अनुपात में शिक्षकों की कमी तथा कुछ विद्यालयों में पेयजल की समस्या से समिति को अवगत कराया। सांसद ने संबंधित पदाधिकारियों को समस्याओं के निराकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने लोगों के घरों तक सुचारु रूप से पेयजल नहीं पहुंचने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कार्यपालक अभियंता को एमवीएस एवं एसवीएस की सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए उन्हें दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।

हुसैनाबाद विधायक संजय सिंह यादव ने पेयजल विभाग के निर्माण कार्यों के दौरान सड़कों एवं विद्युत उपकरणों को होने वाले नुकसान का मामला उठाते हुए उसकी क्षतिपूर्ति पेयजल विभाग से कराने की बात कही।

इस दौरान माननीय वित्त मंत्री सह छतरपुर विधायक राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि विकास योजनाओं का उद्देश्य तभी सार्थक होगा, जब उनका लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की गुणवत्ता के साथ-साथ उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

 सड़क एवं अन्य विभागों की भी हुई समीक्षा 

बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की भी समीक्षा की गई। वहीं एनएचएआई से संबंधित कार्यों की समीक्षा के दौरान सांसद ने दशहरा पर्व के मद्देनजर बारिश से सड़कों पर बने गड्ढों (पैथहोल्स) को मोटरेबल कराने का निर्देश दिया, ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

इसके अलावा कल्याण, स्वास्थ्य, सड़क निर्माण, आपूर्ति सहित अन्य विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की भी समीक्षा की गयी तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में पलामू सांसद विष्णु दयाल राम, माननीय वित्त मंत्री सह छतरपुर विधायक राधाकृष्ण किशोर, विश्रामपुर विधायक नरेश प्रसाद सिंह, हुसैनाबाद विधायक संजय सिंह यादव, मनिका विधायक रामचंद्र सिंह, उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी, वन प्रमंडल पदाधिकारी सत्यम कुमार, उप विकास आयुक्त सादात अनवर, जिला परिषद उपाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह, चतरा सांसद प्रतिनिधि, पांकी विधायक प्रतिनिधि, अपर समाहर्ता, सभी प्रखंड प्रमुखों सहित अन्य विधायक प्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।