हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र में श्रद्धा,भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया अनंत चतुर्दशी का पर्व
हुसैनाबाद:कृष्णा यादव
हुसैनाबाद,पलामू: हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र के जपला स्थित महावीर भवन परिसर सहित शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी का पावन पर्व अपार श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सनातन धर्म में भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि को पूरे विधि-विधान से संपन्न हुआ। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान श्री हरि विष्णु के 'अनंत' स्वरूप की पूजा- अर्चना करने से साधक के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और ऐश्वर्य का आगमन होता है। इस व्रत को महिला और पुरुष दोनों समान श्रद्धा भाव से रख सकते हैं।जपला महावीर मंदिर के पुजारी गोपाल पाठक ने पर्व के महत्व और पूजा विधान पर प्रकाश डालते हुए बताया कि भाद्रपद शुक्ल चतुर्दशी को प्रातःकाल सूर्योदय से पूर्व स्नान-ध्यान कर प्रभु का स्मरण करते हुए व्रत का संकल्प लिया जाता है। तत्पश्चात पूजा स्थल को पवित्र कर 14 गांठों वाले विशेष अनंत सूत्र की स्थापना की जाती है। उन्होंने बताया कि अनंत चतुर्दशी की पूजा में 14 गांठों वाले अनंत सूत्र का विशेष महत्व है। कुशा, सूती या रेशमी धागे में हल्दी और कुमकुम लगाकर 14 गांठें तैयार की जाती हैं, जिसे भगवान विष्णु के समक्ष अर्पित किया जाता है। पूजा के उपरांत धूप-दीप, घी के दीपक और नैवेद्य के साथ लक्ष्मी- नारायण का पूजन कर अनंत चतुर्दशी की पौराणिक कथा का श्रवण किया जाता है। अनुष्ठान के अंत में पुरुषों द्वारा दाहिने और महिलाओं द्वारा बाएं हाथ में रक्षासूत्र स्वरूप अनंत धारण करने की परंपरा निभाई गई। पूजा-अर्चना के पश्चात श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर व्रत का पारण किया। इस मौके पर उर्मिला देवी, कुसुम कुमारी, भावना कुमारी, दिनेश प्रसाद कश्यप, देवेंद्र नाथ गुप्ता, दिना नाथ सोनी, संतोष कुमार,राकेश तिवारी, मुंशी चौधरी, कृष्ण कुमार भगत, रामस्वरूप सोनी, डीकु कुमार कश्यप, छाया कुमारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे ।




.jpeg)
