उपायुक्त के निर्देश पर एसडीओ एवं सीओ ने की अनुमंडलीय अस्पताल में संचालित पीएम जन औषधि केंद्र की जांच
हुसैनाबाद:कृष्णा यादव
हुसैनाबाद:पलामू उपायुक्त महोदय के निर्देश पर हुसैनाबाद अनुमंडल पदाधिकारी समीर अलफ्रेड मुर्मू एवं अंचलाधिकारी पंकज कुमार ने अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद भवन परिसर में संचालित प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र की जांच की। जन औषधि केंद्र की जांच को लेकर हुसैनाबाद नगर पंचायत अध्यक्ष अजय कुमार भारती ने पलामू उपायुक्त को आवेदन पत्र सौंपा था। जांच के संबंध में अंचलाधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि जन औषधि केंद्र का पंजीकरण वर्ष 2024 से 2029 तक के लिए वैद्य है। जांच के दौरान केंद्र संचालन से संबंधित आवश्यक रजिस्टर संधारित एवं प्रस्तुत नहीं किया गया। किस मरीज को कौन-सी दवा उपलब्ध कराई गई, इससे संबंधित रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं मिला। उन्होंने बताया कि केंद्र के कंप्यूटर की जांच में कुछ व्यक्तियों को चार-पांच दिनों के अंतराल पर करीब दो हजार से चार हजार रुपये तक की दवा दिए जाने का रिकॉर्ड पाया गया। दवा उपलब्ध कराने के बाद मरीजों को बिक्री से संबंधित भुगतान पर्ची अथवा बिल दिए जाने का रिकॉर्ड भी नहीं मिला। जांच के दौरान दवा बिक्री से संबंधित कोई बिल प्रस्तुत नहीं किया गया। पंकज कुमार ने बताया कि रजिस्टर में चिकित्सकों द्वारा लिखे गए प्रिस्क्रिप्शन का रिकॉर्ड भी संधारित नहीं मिला। अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा मरीजों को दी जाने वाली पर्चियों पर अंकित नंबरों का उल्लेख भी किसी रजिस्टर में नहीं पाया गया। जांच के दौरान उपस्थित चिकित्सक ने भी अनियमितता होने की बात स्वीकार की। जन औषधि केंद्र के अस्पताल स्तर से मासिक निरीक्षण के संबंध में पूछे जाने पर उपस्थित चिकित्सक द्वारा नियमित निरीक्षण नहीं किए जाने की जानकारी दी गई। अंचलाधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान उपस्थित अनुमंडल पदाधिकारी को जांच से संबंधित रिपोर्ट सौंप दी गई है। अनुमंडल पदाधिकारी महोदय द्वारा अंतिम रिपोर्ट तैयार कर पलामू उपायुक्त महोदय को अग्रेतर कार्रवाई के लिए भेजी जाएगी।



.jpeg)

