एसपी कपिल चौधरी के निर्देश पर सदर थाना पुलिस ने दो बैंकों का किया सघन सिक्योरिटी ऑडिट
CCTV, सायरन, फायर अलार्म से लेकर सुरक्षा गार्ड की तैनाती तक की जांच, बैंक प्रबंधकों को दिए सतर्कता के निर्देश
मेदिनीनगर। बैंक ग्राहकों एवं बैंक परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पलामू पुलिस लगातार सुरक्षा अभियान चला रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर रविवार को सदर थाना क्षेत्र के दो बैंकों का सघन सिक्योरिटी ऑडिट किया गया। अभियान का नेतृत्व सदर थाना प्रभारी अफजाल अंसारी एवं सर्किल इंस्पेक्टर सुरेश राम ने किया। निरीक्षण के दौरान सदर थाना के रिजर्व गार्ड एवं अन्य पुलिस जवान भी मौजूद रहे।
पुलिस टीम ने दोनों बैंक परिसरों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान बैंक में लगे CCTV कैमरों की कार्यशीलता एवं रिकॉर्डिंग व्यवस्था की जांच की गई। इसके अलावा सायरन, फायर अलार्म, आपातकालीन बटन सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया। बैंक में तैनात सुरक्षा गार्ड की ड्यूटी, सतर्कता एवं सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियों की भी जांच की गई।
प्रवेश-निकास और आसपास के क्षेत्रों पर भी रखी गई नजर
सिक्योरिटी ऑडिट के दौरान पुलिस टीम ने बैंक के प्रवेश एवं निकास द्वार, पार्किंग स्थल तथा बैंक के आसपास के क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था में संभावित कमियों को चिन्हित करते हुए बैंक प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सदर थाना प्रभारी अफजाल अंसारी ने बैंक प्रबंधकों को निर्देश दिया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। CCTV कैमरों को 24 घंटे चालू रखने, समय-समय पर सुरक्षा संबंधी मॉक ड्रिल कराने तथा बैंक परिसर में किसी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु के नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने का निर्देश दिया गया।
पलामू पुलिस के अनुसार, एसपी कपिल चौधरी के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से बैंकों का सिक्योरिटी ऑडिट किया जा रहा है। इसका उद्देश्य बैंक परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और ग्राहकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है। इससे पहले चैनपुर थाना प्रभारी लालजी के नेतृत्व में चैनपुर थाना क्षेत्र के 11 बैंकों का भी सुरक्षा निरीक्षण किया जा चुका है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बैंक ग्राहकों और आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा बैंकों को सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।





