72वें वन्यजीव सप्ताह के अवसर पर रोज आइलैंड एवं गेतिलसूद डैम में बर्ड वॉचिंग कैंप आयोजित।
लगभग 60 बच्चों एवं स्वयंसेवकों ने पक्षी अवलोकन के साथ पर्यटन स्थल की स्वच्छता का दिया संदेश
राँची। 72वें वन्यजीव सप्ताह के अवसर पर वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, झारखंड द्वारा आज रोज आइलैंड, गेतलसूद डैम, राँची के आसपास बर्ड वॉचिंग कैंप का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में प्रधान मुख्य वन संरक्षक-सह-वन बल प्रमुख, झारखंड श्री संजीव कुमार, प्रधान मुख्य वन संरक्षक, वन्य प्राणी श्री रवि रंजन, मुख्य वन संरक्षक वन्य प्राणी झारखंड श्री एस.आर. नतेश, वन प्रमंडल पदाधिकारी, वन्य प्राणी श्री अवनीश चौधरी एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी, राँची श्रीकांत वर्मा सहित वन विभाग के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर लगभग 60 बच्चों तथा आसपास के स्वयंसेवकों की टीम ने गेतिलसूद डैम एवं इसके आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर विभिन्न पक्षियों का अवलोकन किया। विशेषज्ञों एवं वन विभाग की टीम द्वारा प्रतिभागियों को स्थानीय पक्षी प्रजातियों, उनके प्राकृतिक आवास तथा जैव-विविधता के संरक्षण के महत्व की जानकारी दी गई।
बर्ड वॉचिंग के साथ प्रतिभागियों ने गेतिलसूद डैम एवं आसपास के पक्षी-दर्शन और पर्यटन स्थलों की साफ-सफाई में भी सहभागिता की। इसके माध्यम से प्रकृति एवं वन्यजीव संरक्षण के साथ स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
प्रधान मुख्य वन संरक्षक हॉफ झारखंड श्री संजीव कुमार ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं में पक्षियों तथा वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता, प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संरक्षण की भावना विकसित करना रहा। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने अधिकाधिक लोगों को प्रकृति संरक्षण से जोड़ने तथा झारखंड के प्राकृतिक एवं पक्षी पर्यटन स्थलों को स्वच्छ रखने का संकल्प भी लिया।
प्रधान मुख्य वन संरक्षक हॉफ श्री संजीव कुमार ने अधिक पक्षी, स्वस्थ पारिस्थितिकी तंत्र ,हरित झारखंड” के संदेश के साथ आयोजित इस कार्यक्रम से वन्यजीव संरक्षण में जनभागीदारी की महत्ता को रेखांकित किया।






