BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

अज्ञात शव का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार, चैंबर अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने निभाया सामाजिक दायित्व


उदय किशोर सिंह, जामताड़ा।

जामताड़ा सदर अस्पताल में पिछले आठ दिनों से पड़े एक अज्ञात व्यक्ति के शव का गुरुवार को सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार किया गया। शव की पहचान नहीं होने और अंतिम संस्कार के लिए किसी के आगे नहीं आने पर जामताड़ा चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए अपने सौजन्य से अंतिम संस्कार की पहल की।
प्रशासन के सहयोग से शव को सदर अस्पताल से ले जाकर अजय नदी के तट पर विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। संजय अग्रवाल ने बताया कि अज्ञात शव के अस्पताल में पड़े होने की जानकारी जैसे ही उन्हें मिली, उन्होंने इसे महज प्रशासनिक प्रक्रिया न मानकर मानवता से जुड़ा विषय समझा।
उन्होंने कहा कि पहचान भले ही किसी व्यक्ति की न हो, लेकिन उसकी अंतिम यात्रा सम्मान के साथ होनी चाहिए। इसी भावना के तहत उन्होंने प्रशासन से संपर्क कर शव के अंतिम संस्कार की व्यवस्था की। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसे मामलों में संवेदनशीलता और सहयोग की भावना जरूरी है।
संजय अग्रवाल ने कहा कि यह केवल एक अज्ञात शव का अंतिम संस्कार नहीं, बल्कि मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ा कार्य है। उनकी इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की। लोगों ने कहा कि अज्ञात व्यक्ति के अंतिम संस्कार के लिए आगे आना सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय संवेदना का अनुकरणीय उदाहरण है।