BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

श्रद्धा और भक्ति से सराबोर रहा सहस्रघट जलाभिषेक, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने किया भगवान शिव का पूजन


पावन श्रावण मास के अवसर पर श्री श्री नीलकंठेश्वर हनुमान मंदिर, महाराजा अग्रसेन मार्ग, साकची में मंगलवार को आयोजित भव्य सहस्रघट जलाभिषेक एवं महाआरती का कार्यक्रम पूरे दिन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन श्री श्री नीलकंठेश्वर हनुमान मंदिर के तत्वावधान में तथा मारवाड़ी समाज काशीडीह एवं पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के विभिन्न शाखाओं के सहयोग से किया गया।

सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। सहस्रघट जलाभिषेक में बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों, युवाओं एवं बुजुर्गों ने भाग लिया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को विधिवत जल अर्पित कर पूजा-अर्चना की और परिवार, समाज एवं शहर की सुख-समृद्धि, शांति एवं कल्याण की कामना की। पूरे दिन मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा।

 श्याम गोयल-अनिता गोयल, सुरेश शर्मा-किरण शर्मा और राजेश सिन्हा-प्रीति सिन्हा ने मुख्य यजमान के तौर पर अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। इस कार्यक्रम के संयोजक सुरेश कुमार अग्रवाल, बिनोद खंडेलवाल, श्याम सुंदर अग्रवाल, मुरारी गोयल और अंकित मोदी थे।

शाम को श्री नीलकंठेश्वर हनुमान मंदिर परिसर में भव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आरती के दौरान पूरा वातावरण शिवमय हो गया। महाआरती के पश्चात रात्रि में श्री साकची शिव मंदिर में महाप्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

महाप्रसाद कार्यक्रम में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक श्री सरयू राय जी विशेष रूप से उपस्थित हुए। उन्होंने भगवान शिव का दर्शन एवं पूजन कर आयोजन की सराहना की तथा श्रावण मास में इस प्रकार के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों को समाज में आध्यात्मिक चेतना और आपसी एकता को मजबूत करने वाला बताया।

इस अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष मुकेश मित्तल, महासचिव प्रदीप मिश्रा सहित सम्मेलन के पदाधिकारी, विभिन्न शाखाओं के प्रतिनिधि एवं समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में काशीडीह, जुगसलाई, बिष्टुपुर, कदमा, गोलमुरी, भालूबासा, मानगो, टेल्को, बारीडीह एवं परसुडीह सहित विभिन्न शाखाओं के कार्यकर्ताओं एवं समाज के लोगों ने सक्रिय सहयोग दिया।

पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन द्वारा धार्मिक, सामाजिक एवं सेवा कार्यों को निरंतर बढ़ावा देने की परंपरा के तहत आयोजित इस कार्यक्रम ने समाज के लोगों को एक साथ जोड़ने का कार्य किया। आयोजकों ने कहा कि धार्मिक आयोजन केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं होते, बल्कि वे समाज में संस्कार, सेवा, सहयोग और सामाजिक एकता की भावना को भी मजबूत करते हैं।

हर-हर महादेव!