BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

रेड़मा के यात्री शेड में कचरे का अंबार, निगम की सफाई व्यवस्था पर भाकपा ने उठाए सवाल


रूचिर तिवारी बोले- नियमित कचरा उठाव नहीं हुआ तो निगम कार्यालय के समक्ष होगा आंदोलन

मेदिनीनगर, पलामू :भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव सह डालटनगंज विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी रूचिर कुमार तिवारी ने शनिवार को निगम क्षेत्र के हृदयस्थल रेड़मा चौक के समीप स्थित यात्री शेड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यात्री शेड के आसपास गंदगी और कचरे का अंबार देखकर उन्होंने नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाए।
  तिवारी ने कहा कि यात्री शेड में प्रतिदिन सैकड़ों लोग बैठते हैं। यहां बुजुर्गों, महिलाओं, छात्रों और युवाओं का आना-जाना लगा रहता है। इसके बावजूद शेड के आसपास लंबे समय से कचरा जमा है। ऐसा प्रतीत होता है कि करीब तीन महीने से यहां नियमित रूप से कचरा नहीं उठाया गया है। उन्होंने कहा कि गंदगी के कारण बीमारी और महामारी फैलने की आशंका बनी हुई है।
   उन्होंने आरोप लगाया कि निगम क्षेत्र के किसी भी वार्ड में नियमित रूप से कचरे का उठाव नहीं हो रहा है और सफाई के नाम पर महज खानापूर्ति की जा रही है। सड़क किनारे जमा कचरे की ओर ध्यान देने के बजाय गरीब मजदूरों के फल-सब्जी के ठेले हटाने पर जोर दिया जा रहा है।
  रूचिर तिवारी ने नगर आयुक्त से कार्यालय से बाहर निकलकर शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने और तत्काल कचरा उठाव सुनिश्चित कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि कचरा उठाव के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद यदि शहर में जगह-जगह कचरे का अंबार लगा है तो इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि निगम ने नियमित सफाई और कचरा उठाव की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की तो भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी निगम कार्यालय के समक्ष आंदोलन करने को बाध्य होगी।