जरमुंडी विधायक देवेन्द्र कुंवर समेत 09 पर हत्या का केस दर्ज, कुक की संदिग्ध मौत ने मचाया सियासी भूचाल
जरमुंडी विधायक देवेन्द्र कुंवर समेत 09 पर हत्या का केस दर्ज, कुक की संदिग्ध मौत ने मचाया सियासी भूचाल
• दुमका जिले के हंसडीहा थाना में हुआ मामला दर्ज.
• संथाल परगना के इकलौते भाजपा विधायक पर गंभीर आरोप.
फोटो
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
दुमका/देवघर : जरमुंडी के भाजपा विधायक देवेन्द्र कुंवर के घर में कुक की संदिग्ध मौत के मामले में हंसडीहा थाना में विधायक समेत 09 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज हुआ है। प्राथमिकी मृतक के चाचा सुनील राउत ने दर्ज कराई है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार मृतक की पहचान सोनू कुमार राउत उर्फ कारू राउत (उम्र 26 वर्ष) पिता अनिल राउत, ग्राम- दोयम तेलीयाडीह, थाना सारवां, जिला देवघर के रूप में हुई है। शिकायतकर्ता सुनील राउत, उम्र (45 वर्ष) पिता स्व. अखलेश्वर राउत, ग्राम दोयम तेलीयाडीह के निवासी हैं। उन्होंने दुमका जिले के हंसडीहा थाना प्रभारी को दिए आवेदन में बताया है कि उनका भतीजा सोनू राउत लगभग 04 महीने से जरमुंडी विधायक देवेन्द्र कुंवर, ग्राम नोनीहाट थाना हंसडीहा में खाना बनाने का काम करता था।
दिनांक 13/08/2026 को सोनू विधायक जी से छुट्टी लेकर मनसा पूजा के लिए घर आया था। 18/08/2026 को पूजा कर वह घर पर ही रुका रहा। इसके बाद 20/08/2026 को सुबह 10 बजे वह अपना घर से नोनीहाट विधायक जी के घर के लिए निकला। फिर 24/08/2026 को शाम करीब 03:30 बजे मिथिलेश कुमार सिंह, उम्र 40 वर्ष, ग्राम नोनीहाट ने फोन कर सूचना दी कि आपके भतीजे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
सूचना पर परिवार वाले जब विधायक के घर पहुंचे तो देखा कि सोनू का शव रस्सी के सहारे लटका हुआ है और चेहरे पर चोट के निशान हैं।
परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इंकार किया है। आवेदन में हत्या का आरोप इन 09 लोगों पर लगाया गया है-
1. देवेन्द्र कुंवर, उम्र 59 वर्ष, (जरमुंडी विधायक).
2. देवेन्द्र कुंवर की पत्नी.
3. रवि कुमार, उम्र 35 वर्ष, पिता देवेन्द्र कुंवर.
4. रवि कुमार की पत्नी.
5. मिथिलेश कुमार सिंह, उम्र 40 वर्ष.
6. मिथिलेश कुमार सिंह की पत्नी.
7. मिथिलेश कुमार सिंह का लड़का.
8. विधायक देवेन्द्र कुंवर का निजी चालक.
9. विधायक का निजी स्टाॅप, नोनीहाट.
शिकायत में कहा गया है कि इन सभी ने मिलकर सोनू कुमार राउत की हत्या कर शव को फंदा लगाकर पंखे से टांग दिया। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि उपरोक्त सभी व्यक्ति मिलकर हत्या किए हैं।
पुलिस ने आवेदन के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की हत्या से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और विधायक आवास के पास स्थित क्वार्टर को सील कर दिया गया है।
वहीं इस संबंध में जरमुंडी एसडीपीओ 'नवल किशोर सिंह' ने FIR दर्ज होने की पुष्टि करते हुए *"रांची एक्सप्रेस"* को बताया कि मामला हत्या है या आत्महत्या, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा। फॉरेंसिक टीम से जांच कराई जा रही है।
पुलिस इस मामले में विधि सम्मत कार्रवाई करेगी।
इधर घटना को लेकर मृतक के गांव दोयम तेलीयाडीह में काफ़ी आक्रोश देखा जा रहा है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने मंगलवार को देवघर जिले के सारवां थाना अंतर्गत लखोरिया मोड़ के पास देवघर-सारवां मुख्य मार्ग (NH 114 A) को जाम कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी।
गौरतलब है कि देवेन्द्र कुंवर संथाल परगना प्रमंडल से भाजपा के एकमात्र विधायक हैं, इसलिए इस FIR के बाद झारखंड की सियासत गरमा गई है।


.jpg)


