श्रावणी मेले के 29वें दिन अहले सुबह खुला बाबा मंदिर का पट, जलार्पण शुरू.
श्रावणी मेले के 29वें दिन अहले सुबह खुला बाबा मंदिर का पट, जलार्पण शुरू
• अहले सुबह 4:29 बजे शुरू हुआ जलार्पण.
अमित कुमार,
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : राजकीय श्रावणी मेला 2026 के 29वें दिन गुरुवार को भी बाबा नगरी में आस्था का सैलाब उमड़ा रहा। अहले सुबह 4:29 बजे बाबा वैद्यनाथ मंदिर का पट खुलते ही जलार्पण का क्रम शुरू हो गया। पट खुलते ही पूरा मंदिर परिसर बोल-बम और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा।
बताया गया कि ब्रह्म मुहूर्त से पहले ही कांवरिया पथ से लेकर संस्कार मंडप और कतारबद्ध परिसर तक कांवरियों की लंबी कतारें लगी थीं। दूर-दराज से आए श्रद्धालु बाबा पर जलार्पण को लेकर उत्साहित दिखे। जिला प्रशासन और मंदिर प्रशासन द्वारा जलार्पण को सुगम बनाने के लिए बाह्य अर्घा और आंतरिक अर्घा की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। शीघ्र दर्शनम की सुविधा भी जारी है।
श्रावण मास के अंतिम दिनों में कांवरियों की संख्या में पहले के वनिस्पत थोड़ी कमी आई है। सावन पूर्णिमा नजदीक होने के कारण अब जलार्पण के साथ-साथ रक्षाबंधन पर बाबा को राखी अर्पित करने की परंपरा को लेकर भी श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंदिर परिसर और रूट लाइन में पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। स्वास्थ्य शिविर, पेयजल, सूचना केंद्र और सफाई व्यवस्था भी लगातार सक्रिय है। प्रशासन का दावा है कि अंतिम दिन तक श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सभी विभाग मुस्तैद हैं।





