मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल में 10 करोड़ नशा मुक्त भारत अभियान के तहत विद्यार्थियों ने ली शपथ
जमशेदपुर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, जमशेदपुर के तत्वावधान में मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल में “10 करोड़ नशा मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 500 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक नशामुक्त एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की शपथ ली।
कार्यक्रम के दौरान कोमल बहन और सुधा दीदी ने विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन की प्रतिज्ञा कराई। विद्यार्थियों को समझाया गया कि नशा केवल किसी मादक पदार्थ का ही नहीं होता, बल्कि मोबाइल का अत्यधिक उपयोग, लगातार वीडियो देखना, वीडियो गेम में अधिक समय बिताना तथा जंक फूड और चॉकलेट जैसी चीजों का जरूरत से ज्यादा सेवन भी जीवन में असंतुलन पैदा कर सकता है। इसलिए इन सभी चीजों का सीमित और संतुलित उपयोग करने का संकल्प लिया गया।
विशेष रूप से विद्यार्थियों ने यह शपथ ली कि वे किसी भी प्रकार के हानिकारक नशे से दूर रहेंगे तथा मोबाइल, वीडियो और वीडियो गेम का अनावश्यक उपयोग कम करेंगे। साथ ही जंक फूड एवं चॉकलेट जैसी चीजों का सेवन भी सीमित मात्रा में करेंगे।
कार्यक्रम में बच्चों को “सकारात्मक नशे” की प्रेरणा भी दी गई—अर्थात पढ़ाई, अनुशासन, अच्छे रूटीन, समय का सदुपयोग, अपने लक्ष्य के प्रति लगन तथा माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय के प्रति सम्मान को जीवन का हिस्सा बनाना। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे ऐसी सकारात्मक आदतों को अपनाएंगे, जो उन्हें निरंतर आगे बढ़ने और अपने जीवन को बेहतर बनाने में मदद करें।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नशामुक्ति के साथ-साथ स्वस्थ सोच, सकारात्मक आदतें, अनुशासन और जिम्मेदार जीवनशैली के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा। लगभग 500 विद्यार्थियों की सामूहिक सहभागिता ने कार्यक्रम को प्रभावशाली और प्रेरणादायक बना दिया।





