BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

सखी मंडल की दीदियों द्वारा निर्मित राखी प्रदर्शनी सह बिक्री केंद्र का उपायुक्त ने किया शुभारंभ


पलामू : डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने सोमवार को समाहरणालय परिसर में जेएसएलपीएस के सखी मंडल की दीदियों द्वारा निर्मित राखी प्रदर्शनी सह बिक्री केंद्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सखी मंडल की दीदी ने उपायुक्त को राखी बांधकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद उपायुक्त ने फीता काटकर एवं राखी का प्रदर्शन कर बिक्री केंद्र का औपचारिक शुभारंभ किया।

उपायुक्त श्री शेखावत ने कहा कि सखी मंडल की दीदियों द्वारा तैयार की जा रही राखियां स्थानीय स्तर पर महिलाओं के हुनर को आजीविका से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे इस राखी बिक्री केंद्र के साथ-साथ अपने नजदीकी संकुल से भी सखी मंडल की दीदियों द्वारा निर्मित राखियां खरीदें और स्थानीय महिला समूहों के प्रयासों को प्रोत्साहित करें।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष सखी मंडल की दीदियों द्वारा कुल 40 हजार राखियां तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान में जिले के तीन प्रखंडों—लेस्लीगंज, पड़वा एवं नावाबाजार—में सखी मंडल की दीदियों द्वारा राखी का निर्माण किया जा रहा है। निर्मित राखियों की बिक्री जिले के सभी प्रखंडों में संकुल के माध्यम से की जा रही है, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक सखी मंडल की दीदियों के उत्पाद पहुंच सकें।

 *स्थानीय हुनर को बाजार उपलब्ध कराने पर जोर* 

डीसी श्री शेखावत ने कहा कि सखी मंडल की दीदियां विभिन्न प्रकार के उत्पाद तैयार कर अपनी आजीविका को सशक्त कर रही हैं। उनके द्वारा निर्मित राखियों को बाजार उपलब्ध कराना महिला सशक्तीकरण एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने जिलेवासियों से स्थानीय स्तर पर तैयार इन राखियों को प्राथमिकता देने की अपील की।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सादात अनवर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक अनीता सी. केरकेट्टा, जिला प्रबंधक नवल किशोर राजू, इमरान अहमद, मिथिलेश कुमार, अख्तर अंसारी, अवकेश खलखो, शेखर लाल एवं बीपीओ सुनील कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।