अखबार में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेकर मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने शहीद अलबर्ट एक्का के सुपुत्र को सौंपी ट्रैक्टर की चाबी
विभागीय अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसी को बुलाकर ली पूरे मामले की जानकारी, एजेंसी को शोकॉज नोटिस जारी करने का निर्देश
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रांची : परमवीर चक्र विजेता अमर शहीद लांस नायक अलबर्ट एक्का के सुपुत्र श्री भिन्सेंट एक्का को माननीय मुख्यमंत्री के निर्देश पर कृषि कार्य के लिए उपलब्ध कराए गए ट्रैक्टर को वापस लिए जाने से संबंधित समाचार का संज्ञान लेते हुए झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री श्रीमती शिल्पी नेहा तिर्की ने तत्काल विभागीय अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधियों को बुलाकर पूरे मामले की जानकारी ली।
मंत्री ने संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए आज श्री भिन्सेंट एक्का को ट्रैक्टर की चाबी ससम्मान सौंप दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शहीद अलबर्ट एक्का के परिवार के सम्मान और उनके अधिकारों से जुड़े किसी भी मामले में विभाग पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप कार्य करेगा।
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि अखबार के माध्यम से जैसे ही उन्हें पूरे मामले की जानकारी मिली, उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसी के प्रतिनिधियों को बुलाकर वस्तुस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विभाग को समुचित रूप से अवगत कराए बिना एजेंसी द्वारा ट्रैक्टर वापस ले जाना उचित प्रक्रिया नहीं थी। इस संबंध में संबंधित एजेंसी को शोकॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने कहा कि श्री भिन्सेंट एक्का को माननीय मुख्यमंत्री के निर्देश पर कृषि कार्य के लिए सरकार की ओर से ट्रैक्टर उपलब्ध कराया गया था। पूरे मामले में विभागीय नियमों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप मामले का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि शहीद परिवार को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस दौरान श्री भिन्सेंट एक्का ने अधिकारियों के व्यवहार को लेकर अपनी आपत्ति भी मंत्री के समक्ष रखी और पूरे मामले में उचित कार्रवाई की मांग की। मंत्री ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहीद परिवारों से जुड़े मामलों में सम्मान, संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्य किया जाए।
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा, “परमवीर चक्र विजेता शहीद लांस नायक अलबर्ट एक्का केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के गौरव हैं। उनके शौर्य और बलिदान को पूरा देश नमन करता है। उनके परिवार के सम्मान की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। सरकार शहीद परिवारों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
इस अवसर पर गुमला जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजनील तिग्गा, चैनपुर प्रमुख प्रमोद खलखो, गुमला जिला कांग्रेस महासचिव अलबर्ट तिग्गा एवं पंचायत समिति सदस्य सुनीता एक्का उपस्थित थीं।






